मणिपुर हमले में शहीद बस्तर के वीर सपूत रंजीत कश्यप को भाजपा प्रदेश अध्यक्ष देव की श्रद्धांजलि

रायपुर। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव ने मणिपुर में उग्रवादी हमले में छत्तीसगढ़ के जवान रंजीत कश्यप की शहादत पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए उन्हें अपनी भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की है। उन्होंने कहा कि रंजीत कश्यप बालेंगा (बस्तर) की पवित्र माटी के ऐसे वीर सपूत थे, जिन्होंने देश की रक्षा करते हुए अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान दिया। उनका यह त्याग हमेशा अमर रहेगा और आने वाली पीढ़ियों को राष्ट्रसेवा की प्रेरणा देता रहेगा।

प्रदेश अध्यक्ष देव ने अपने शोक संदेश में कहा कि मणिपुर जैसे संवेदनशील क्षेत्र में उग्रवाद से लड़ते हुए रंजीत कश्यप ने जिस वीरता और साहस का परिचय दिया, वह न केवल छत्तीसगढ़ बल्कि पूरे देश के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि रंजीत कश्यप की शहादत भारत की एकता और अखंडता की रक्षा के लिए दिया गया वह अमूल्य योगदान है, जिसे कभी भुलाया नहीं जा सकता।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने माँ दंतेश्वरी से प्रार्थना की कि वे शहीद की आत्मा को शांति प्रदान करें और शोकाकुल परिजनों को इस कठिन घड़ी को सहने की शक्ति दें। उन्होंने कहा कि रंजीत कश्यप जैसे वीरों की कुर्बानी देश की सीमाओं की सुरक्षा और आतंकवाद के खिलाफ संघर्ष की बुनियाद है।

देव ने आगे कहा कि भाजपा और प्रदेश की जनता शहीद रंजीत कश्यप के परिवार के साथ खड़ी है और उनका यह बलिदान व्यर्थ नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि राष्ट्र हमेशा उनके योगदान को याद रखेगा और उनकी शहादत देशवासियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनी रहेगी।

Exit mobile version