PCC चीफ को लेकर कांग्रेस में बयानबाजी तेज: भूपेश बोले- हाईकमान तय करता है जिम्मेदारी

रायपुर। छत्तीसगढ़ कांग्रेस में प्रदेश अध्यक्ष पद को लेकर चल रही सियासी बयानबाजी के बीच पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का बयान सामने आया है।

रायपुर में मीडिया से चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष या नेता प्रतिपक्ष किसे बनाना है, इसका फैसला पार्टी हाईकमान करता है।

भूपेश बघेल ने कहा कि वे टीएस सिंहदेव के बयानों पर प्रतिक्रिया नहीं देते। उन्होंने कहा कि दीपक बैज पिछले साढ़े तीन साल से प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष के रूप में काम कर रहे हैं और संगठन को संभाल रहे हैं।

पार्टी नेतृत्व किसे कौन सी जिम्मेदारी देगा, यह पूरी तरह हाईकमान का निर्णय होता है। इधर बयानबाजी के बाद पहली बार टीएस सिंहदेव और दीपक बैज एक मंच पर साथ नजर आए।

कोरबा में आयोजित राज्य स्तरीय महासम्मेलन में दोनों नेताओं ने हंसते हुए मुलाकात की। इस दौरान दीपक बैज ने सिंहदेव के पैर छुए, वहीं सिंहदेव ने उन्हें गले लगाकर बातचीत की। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हो रहा है।

दरअसल हाल ही में टीएस सिंहदेव ने एक इंटरव्यू में कहा था कि अगर पार्टी उन्हें प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी देती है तो वे उसे निभाने के लिए तैयार हैं। उन्होंने यह भी कहा था कि हर कांग्रेसी की जिम्मेदारी संगठन को मजबूत करना है।

सिंहदेव के इस बयान पर दीपक बैज ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा था कि बाबा साहब बड़े नेता हैं और उन्हें दिल्ली में काम करना चाहिए। प्रदेश में युवाओं को मौका मिलना चाहिए।

वहीं बीजेपी ने इस पूरे मामले को लेकर कांग्रेस पर निशाना साधा है। मंत्री रामविचार नेताम ने कहा कि कांग्रेस में अंतर्कलह लगातार सार्वजनिक हो रही है और पार्टी के भीतर खींचतान साफ दिखाई दे रही है।

Exit mobile version