नकटी विवाद पर आमने-सामने BJP-कांग्रेस: मंत्री बोले- पूरे गांव नहीं, सिर्फ एक वार्ड में कार्रवाई; भूपेश ने कहा- आंख मिलाकर झूठ बोलना सिखाते हैं

रायपुर। रायपुर के नकटी गांव में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई को लेकर भाजपा और कांग्रेस के बीच सियासी घमासान तेज हो गया है। सोमवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय एकात्म परिसर में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर वन मंत्री केदार कश्यप ने सरकार का पक्ष रखा। उन्होंने कहा कि नकटी गांव को नहीं उजाड़ा गया, बल्कि केवल एक वार्ड में सरकारी जमीन पर हुए अतिक्रमण को हटाया गया। वहीं पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने सरकार पर झूठ बोलने का आरोप लगाया।
केदार कश्यप ने बताया कि नकटी गांव में कुल 17 वार्ड हैं। 29 जून को केवल उस वार्ड में कार्रवाई की गई, जहां राजस्व विभाग की जमीन पर अवैध कब्जा था। उन्होंने कहा कि पूरे गांव को हटाने की बात गलत है। संबंधित जमीन आज भी राजस्व विभाग के नाम दर्ज है और उसे आवासीय योजना के लिए चिन्हित किया गया है।
मंत्री ने दावा किया कि इस जमीन के आवंटन की प्रक्रिया वर्ष 2020 में कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में शुरू हुई थी। उन्होंने कहा कि शुरुआती दौर में करीब 3 हेक्टेयर भूमि पर अतिक्रमण था, जो बढ़कर 15 हेक्टेयर तक पहुंच गया। प्रशासन ने कार्रवाई से पहले प्रभावित परिवारों से कई दौर की चर्चा की और उन्हें नया रायपुर में ईडब्ल्यूएस आवास उपलब्ध कराए।
केदार कश्यप ने कांग्रेस पर लोगों को भड़काने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कुछ राजनीतिक दल यह प्रचार कर रहे हैं कि पूरा गांव उजाड़ दिया गया, जबकि वास्तविकता इससे अलग है। विधायक कॉलोनी बनाए जाने के आरोपों को भी उन्होंने खारिज करते हुए कहा कि जमीन के उपयोग पर अभी कोई अंतिम निर्णय नहीं हुआ है।
वहीं भूपेश बघेल ने कहा कि भाजपा के लोगों को “आंख मिलाकर झूठ बोलना सिखाया जाता है।” उन्होंने दावा किया कि विधानसभा में भी सरकार ने नकटी गांव का उल्लेख किया था और एनआरडीए के तत्कालीन सीईओ ने अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए थे। बघेल ने कहा कि सरकार रिकॉर्ड में मौजूद तथ्यों के बावजूद गलत जानकारी दे रही है। गौरतलब है कि 29 जून को नकटी गांव में करीब 80 मकानों पर बुलडोजर चलाया गया था।





