भूपेश बोले- राम मंदिर और झूलेलाल दोनों को ठगा गया: कहा- हर फैसला PM लेते हैं, अब चुप क्यों हैं; धीरेंद्र शास्त्री पर भी साधा निशाना

रायपुर। छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने राम मंदिर ट्रस्ट में कथित अनियमितताओं को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा। पंजाब रवाना होने से पहले रायपुर एयरपोर्ट पर मीडिया से बातचीत में उन्होंने आरोप लगाया कि राम मंदिर निर्माण और चढ़ावे में गड़बड़ियां हुई हैं। उन्होंने कहा कि “भगवान राम और भगवान झूलेलाल दोनों को ठगने का काम हुआ है।”
बघेल ने कहा कि शिलापूजन के समय से ही अनियमितताएं शुरू हो गई थीं। जमीन खरीदी से लेकर मंदिर निर्माण तक भ्रष्टाचार हुआ और निर्माण कार्यों में 40 प्रतिशत कमीशन लिया गया। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि सिंधी समाज की ओर से भगवान झूलेलाल की प्रतिमा के साथ भेंट की गई 200 किलो चांदी और एक आईएएस अधिकारी द्वारा दी गई सोने की रामायण का भी कोई स्पष्ट हिसाब नहीं है।
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि जब शिलान्यास, उद्घाटन और ट्रस्ट से जुड़े महत्वपूर्ण फैसले प्रधानमंत्री के स्तर पर हुए, तो अब इस पूरे मामले पर उनकी चुप्पी क्यों है। बघेल ने कहा कि प्रधानमंत्री को सामने आकर जवाब देना चाहिए।
बीजेपी नेता विनय कटियार के बयान का जिक्र करते हुए बघेल ने कहा कि उन्होंने सबसे पहले धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री पर सवाल उठाए थे। उन्होंने कहा कि अब खुद धीरेंद्र शास्त्री कह रहे हैं कि उन्हें डर लगता है, जबकि एक सच्चा साधु भयभीत नहीं होता।
प्रदेश में बारिश के बाद जलभराव की स्थिति पर भी बघेल ने राज्य सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि ट्रिपल इंजन सरकार के बावजूद शहरों और नेशनल हाईवे पर पानी भरा हुआ है। अगर यही स्थिति रही तो शहरों में नाव चलाने की नौबत आ जाएगी। उन्होंने महापौरों की जवाबदेही तय करने और उपमुख्यमंत्री अरुण साव से खुद मैदान में उतरकर स्थिति का जायजा लेने की मांग की।
बघेल पांच दिन के पंजाब दौरे पर रवाना हुए हैं। उन्होंने बताया कि वहां कांग्रेस की चुनावी तैयारियों और संगठनात्मक बैठकों में हिस्सा लेकर आगामी विधानसभा चुनाव की रणनीति पर चर्चा करेंगे।





