रायपुर में मुहर्रम पर निकला मातमी जुलूस और ताजिया, गांधी-टैगोर के संदेश वाले पोस्टर भी नजर आए

रायपुर। मुहर्रम के अवसर पर राजधानी रायपुर समेत छत्तीसगढ़ के कई जिलों में मातमी जुलूस और ताजिया निकाले गए। रायपुर में बड़ी संख्या में अकीदतमंदों ने जुलूस में हिस्सा लिया।
इस दौरान ईरान में मारे गए बच्चों की तस्वीरों और ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामनेई की तस्वीरें प्रदर्शित की गईं। वहीं, महात्मा गांधी और रवींद्रनाथ टैगोर के इंसाफ, सत्य और मानवता से जुड़े संदेश वाले पोस्टर भी आकर्षण का केंद्र रहे।
रायपुर में जुलूस दोपहर करीब 2 बजे शुरू हुआ, जो विभिन्न मार्गों से होते हुए रात में चौबे कॉलोनी स्थित करबला तालाब पहुंचकर संपन्न हुआ। पूरे रास्ते “या हुसैन” के नारों के साथ अकीदतमंदों ने मातम किया। छोटे बच्चों ने भी ताजिया बनाकर जुलूस में भाग लिया।
इंसानियत और जुल्म के खिलाफ संदेश
मौलाना सैय्यद रज़ा हैदर काज़मी ने कहा कि इमाम हुसैन की कुर्बानी इंसानियत और न्याय की रक्षा के लिए थी। मुहर्रम का जुलूस उसी संदेश को आगे बढ़ाने का प्रतीक है कि हर दौर में अन्याय और जुल्म के खिलाफ आवाज उठाई जानी चाहिए।
दुर्ग और रायगढ़ में भी निकले ताजिए
दुर्ग-भिलाई में बारिश के बीच इमामबाड़े से ताजिया और मातमी जुलूस निकाला गया। जुलूस के दौरान युवाओं ने पारंपरिक करतब भी दिखाए। वहीं रायगढ़ के चांदनी चौक पर मुख्य ताजिया के साथ विभिन्न मुस्लिम मोहल्लों से ताजिए पहुंचे, जहां अखाड़े का प्रदर्शन किया गया।
मुहर्रम के मद्देनजर रायपुर, दुर्ग और रायगढ़ में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। जुलूस मार्गों पर बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा और प्रशासन ने पूरे आयोजन पर नजर बनाए रखी। शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुए इस आयोजन में इमाम हुसैन की शहादत को याद करते हुए शांति, इंसाफ और भाईचारे का संदेश दिया गया।





