StateNewsकमर्शियलदेश - विदेश

BGMI Lite की वापसी: इस साल के अंत तक लॉन्च होगा गेम, कम कीमत वाले स्मार्टफोन यूजर्स को मिलेगा फायदा

दिल्ली। मोबाइल गेमिंग के शौकीनों के लिए बड़ी खबर सामने आई है। क्राफ्टन इंडिया ने आधिकारिक तौर पर घोषणा की है कि वह इस साल के अंत तक बैटलग्राउंड्स मोबाइल इंडिया (BGMI) का लाइट वर्जन लॉन्च करेगी। लंबे समय से गेमर्स इसकी मांग कर रहे थे। अब कंपनी ने साफ कर दिया है कि 2026 के अंत तक BGMI Lite भारतीय यूजर्स के लिए उपलब्ध हो जाएगा।

भारत में BGMI सबसे लोकप्रिय मोबाइल गेम्स में से एक है। हालांकि, पिछले कुछ समय से कम कीमत वाले स्मार्टफोन में यह गेम बेहतर तरीके से नहीं चल पा रहा था। इसकी वजह स्मार्टफोन कंपनियों की ओर से हार्डवेयर में किए गए बदलाव बताए जा रहे हैं।

रिपोर्ट के मुताबिक, पिछले कुछ वर्षों में स्मार्टफोन कंपनियों ने बजट और मिड-रेंज डिवाइस में लागत कम करने के लिए रैम, स्टोरेज और प्रोसेसर जैसे कंपोनेंट्स में बदलाव किए हैं। इसका सीधा असर फोन की परफॉर्मेंस पर पड़ा है। ऐसे में कई यूजर्स को BGMI खेलते समय लैग और फ्रेम ड्रॉप जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।

यही वजह है कि क्राफ्टन इंडिया ने BGMI के लाइट वर्जन को लॉन्च करने का फैसला लिया है। तकनीकी वेबसाइट गिज्मोचाइना की रिपोर्ट के अनुसार, कंपनी यह कदम अपने गेमिंग पोर्टफोलियो का विस्तार करने के लिए नहीं, बल्कि कम क्षमता वाले स्मार्टफोन उपयोगकर्ताओं को बेहतर गेमिंग अनुभव देने के लिए उठा रही है।

गौरतलब है कि 2020 में भारत में PUBG Mobile Lite काफी लोकप्रिय था। खासकर एंट्री-लेवल स्मार्टफोन इस्तेमाल करने वाले गेमर्स के बीच इस गेम की बड़ी लोकप्रियता थी। हालांकि, BGMI लॉन्च होने के बाद कंपनी ने इसका लाइट वर्जन पेश नहीं किया था।

फिलहाल कंपनी ने गेम के फीचर्स से जुड़ी विस्तृत जानकारी साझा नहीं की है। माना जा रहा है कि लॉन्च के समय ग्राफिक्स, मैप और गेमप्ले में किए गए बदलावों की जानकारी भी सामने आएगी।

Related Articles

Back to top button