ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ पर्यटन की बुकिंग के नाम पर ठगी से सावधान, फर्जी वेबसाइट और लिंक से रहें अलर्ट

रायपुर। छत्तीसगढ़ के पर्यटन स्थलों और होटल-आवास की ऑनलाइन बुकिंग के नाम पर साइबर ठगी का खतरा बढ़ गया है। इसे देखते हुए छत्तीसगढ़ पर्यटन बोर्ड ने पर्यटकों को फर्जी वेबसाइट, बुकिंग लिंक, मोबाइल नंबर और सोशल मीडिया पेज से सावधान रहने की अपील की है।

बोर्ड को ऐसी अनधिकृत वेबसाइटों की जानकारी मिली है, जो छत्तीसगढ़ पर्यटन के नाम पर बुकिंग कराने का दावा कर रही हैं। पर्यटन बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि पर्यटन स्थलों, आवासीय सुविधाओं और अन्य सेवाओं की बुकिंग के लिए केवल आधिकारिक वेबसाइट tourism.cgstate.gov.in का इस्तेमाल करें। अनजान वेबसाइट, संदिग्ध लिंक या सोशल मीडिया पर मिले बुकिंग ऑफर पर भरोसा न करें।

सस्ते पैकेज का झांसा देकर ठगी

साइबर ठग छत्तीसगढ़ पर्यटन का नाम, लोगो और पर्यटन स्थलों की तस्वीरों का इस्तेमाल कर फर्जी वेबसाइट या सोशल मीडिया अकाउंट बना सकते हैं। इन माध्यमों से सस्ते कमरे, पर्यटन पैकेज या अन्य सुविधाओं का लालच देकर ऑनलाइन भुगतान कराया जा सकता है। बोर्ड ने पर्यटकों को किसी निजी खाते या संदिग्ध भुगतान माध्यम में पैसे भेजने से बचने की सलाह दी है।

भुगतान से पहले करें पुष्टि

बोर्ड ने कहा है कि कम कीमत में बुकिंग, तत्काल भुगतान का दबाव या आकर्षक पैकेज मिलने पर विशेष सावधानी बरतें। वेबसाइट और बुकिंग प्रक्रिया की प्रामाणिकता जांचने के बाद ही भुगतान करें। जानकारी के लिए गढ़ कलेवा, रायपुर समेत जिलों में स्थित अधिकृत पर्यटन सूचना केंद्रों से भी संपर्क किया जा सकता है।

संदेह होने पर हेल्पलाइन पर करें संपर्क

किसी वेबसाइट, मोबाइल नंबर या बुकिंग लिंक पर संदेह होने पर भुगतान से पहले पर्यटन बोर्ड की हेल्पलाइन से पुष्टि करने की सलाह दी गई है। बोर्ड ने पर्यटकों से अपील की है कि यात्रा की योजना बनाते समय केवल अधिकृत माध्यमों का इस्तेमाल करें। इससे फर्जी बुकिंग और ऑनलाइन ठगी से बचते हुए यात्रा को सुरक्षित बनाया जा सकेगा।

Related Articles

Back to top button