यूपी का बांदा एशिया में सबसे गर्म: पारा 45.4°C पहुंचा, 10 राज्यों में 4 दिन लू का अलर्ट

दिल्ली। देशभर में भीषण गर्मी का असर लगातार बढ़ता जा रहा है। उत्तर प्रदेश के बांदा में शुक्रवार को तापमान 45.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस सीजन में न सिर्फ भारत बल्कि पूरे एशिया में सबसे अधिक रहा।
यह सामान्य तापमान से करीब 4.9 डिग्री ज्यादा है। खास बात यह है कि कुछ दिन पहले 9-10 अप्रैल को बांदा में ही सबसे कम 12 डिग्री तापमान भी रिकॉर्ड किया गया था।
मौसम विभाग के अनुसार, अगले 4 दिनों तक मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र, ओडिशा, झारखंड, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु और केरल में हीटवेव यानी लू चलने की आशंका है। कई राज्यों में तापमान 40 से 45 डिग्री के बीच बना हुआ है, जिससे जनजीवन प्रभावित हो रहा है।
उत्तर प्रदेश के 16 जिलों में पारा 40 डिग्री के पार पहुंच चुका है। प्रयागराज, वाराणसी समेत कई शहरों में तेज धूप और गर्म हवाएं लोगों को झुलसा रही हैं। वहीं मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और ओडिशा के कई इलाकों में तापमान 43 डिग्री से ऊपर पहुंच गया है।
भीषण गर्मी को देखते हुए कई राज्यों में स्कूलों के समय में बदलाव किया गया है या छुट्टियां घोषित कर दी गई हैं। छत्तीसगढ़ और ओडिशा के कुछ जिलों में स्कूल, कॉलेज और आंगनबाड़ी केंद्र 21 अप्रैल तक बंद कर दिए गए हैं।
हालांकि, राजस्थान, दिल्ली, हरियाणा और उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश से थोड़ी राहत मिली है, लेकिन गर्मी का असर अभी भी बरकरार है। मौसम विभाग का कहना है कि फिलहाल गर्मी से राहत मिलने के आसार कम हैं और लोगों को सावधानी बरतने की जरूरत है।
विशेषज्ञों ने सलाह दी है कि दोपहर के समय बाहर निकलने से बचें, पर्याप्त पानी पिएं और गर्मी से बचाव के उपाय अपनाएं, क्योंकि आने वाले दिनों में तापमान और बढ़ सकता है।





