राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में पदक जीतने वालों को मिलेगा फायदा; वरिष्ठ, जूनियर और सब-जूनियर वर्ग के लिए 20 हजार से 75 हजार रुपए तक की राशि तय
रायपुर। छत्तीसगढ़ के राष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को राज्य सरकार 75 हजार रुपए तक की सालाना खेलवृत्ति देगी। खेल एवं युवा कल्याण विभाग ने छत्तीसगढ़ क्रीड़ा प्रोत्साहन योजना के तहत पात्र खिलाड़ियों से आवेदन मंगाए हैं। इसके लिए 30 नवंबर तक आवेदन किया जा सकता है। खेलवृत्ति की राशि वरिष्ठ, जूनियर और सब-जूनियर वर्ग में हासिल पदक के आधार पर तय होगी।
तीनों वर्गों में पदक के अनुसार मिलेगी राशि
राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में प्रथम स्थान हासिल करने वाले वरिष्ठ वर्ग के खिलाड़ी को 75 हजार, दूसरे स्थान पर 50 हजार और तीसरे स्थान पर 40 हजार रुपए दिए जाएंगे। जूनियर वर्ग में यह राशि क्रमशः 60 हजार, 40 हजार और 30 हजार रुपए होगी। वहीं सब-जूनियर वर्ग के खिलाड़ियों को स्वर्ण पदक पर 50 हजार, रजत पर 25 हजार और कांस्य पदक पर 20 हजार रुपए मिलेंगे।
खिलाड़ियों की पात्रता 1 अप्रैल 2025 से 31 मार्च 2026 के बीच आयोजित अधिकृत राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में प्रदर्शन के आधार पर तय होगी। ओलंपिक, एशियाई खेल, कॉमनवेल्थ गेम्स और नेशनल गेम्स में शामिल खेलों की राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में पदक जीतने वाले खिलाड़ी आवेदन कर सकते हैं।
25 साल तक के खिलाड़ी होंगे पात्र
योजना का लाभ लेने के लिए खिलाड़ी का छत्तीसगढ़ का मूल निवासी होना और प्रतियोगिता में राज्य का प्रतिनिधित्व करना जरूरी है। अधिकतम आयु सीमा 25 वर्ष रखी गई है। एक से अधिक वर्गों में पदक जीतने पर सर्वश्रेष्ठ उपलब्धि के आधार पर खेलवृत्ति मिलेगी। एकल और टीम स्पर्धाओं में वास्तविक रूप से हिस्सा लेने वाले खिलाड़ी ही पात्र होंगे। सहभागिता का प्रमाण संबंधित खेल संघ से सत्यापित कराना होगा।
आवेदन के साथ लगाने होंगे ये दस्तावेज
आवेदन के साथ पदक प्रमाण-पत्र, राज्य का प्रतिनिधित्व करने का प्रमाण, मूल निवास और जन्मतिथि प्रमाण-पत्र, आधार कार्ड, बैंक पासबुक या रद्द चेक और पासपोर्ट साइज फोटो देना होगा। आवेदन संचालक, खेल एवं युवा कल्याण विभाग, खेल भवन, जीई रोड, रायपुर में जमा किए जा सकते हैं। आवेदन फॉर्म और नियम विभाग की वेबसाइट sportsyw.cg.gov.in पर उपलब्ध हैं। अपूर्ण या देर से मिले आवेदन निरस्त किए जाएंगे।
