कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में रास्ता देने को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। बोलेरो सवार युवकों ने यातायात पुलिस में पदस्थ ASI के बेटे को गाड़ी से कुचल दिया। गंभीर रूप से घायल युवक ने घटना के छह दिन बाद रायपुर के निजी अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। इस पूरी घटना का CCTV फुटेज भी सामने आया है, जिसमें बोलेरो से युवक को टक्कर मारने की घटना कैद हुई है।
मामला बांकीमोंगरा थाना क्षेत्र का है। मृतक की पहचान चंद्रमणि रात्रे (24) के रूप में हुई है। वह जांजगीर-चांपा जिले के ग्राम पंतोरा का रहने वाला था और बाहर रहकर पढ़ाई कर रहा था। उसके पिता रामनारायण रात्रे यातायात पुलिस में ASI के पद पर तैनात हैं।
जानकारी के मुताबिक, 7 जून की रात कोरबा शहर के बुधवारी बाइपास मार्ग पर चंद्रमणि अपने दोस्तों के साथ कार में मौजूद था। इसी दौरान बोलेरो सवार कुछ युवकों से रास्ता देने को लेकर विवाद हो गया। कहासुनी बढ़ने के बाद जब चंद्रमणि कार से नीचे उतरा, तभी बोलेरो चालक ने तेज रफ्तार से गाड़ी उसकी ओर मोड़ दी और उसे कुचल दिया।
घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। चंद्रमणि के साथी अरविंद राठौर और साहिल निर्मलकर ने आरोपियों की बोलेरो का पीछा किया। इस दौरान आरोपियों ने अरविंद को पकड़ लिया और उसके साथ मारपीट की। परिजनों का आरोप है कि हमलावरों ने अरविंद से करीब एक लाख रुपए नकद, आईफोन, सोने की अंगूठी और चेन भी लूट ली।
घटना में घायल चंद्रमणि और अरविंद को अस्पताल में भर्ती कराया गया था। डॉक्टरों के अनुसार चंद्रमणि की हालत बेहद गंभीर थी। छह दिन तक चले इलाज के बाद उसकी मौत हो गई। वहीं अरविंद का इलाज अभी जारी है।
चंद्रमणि की मौत के बाद क्षेत्र में आक्रोश है। सामाजिक संगठनों और परिजनों ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें एक नाबालिग भी शामिल है। गिरफ्तार आरोपी कपिल कुमार सारथी से पूछताछ की जा रही है। पुलिस हत्या, अपहरण और लूट के एंगल से पूरे मामले की जांच कर रही है।
