मुंबई। ‘बिग बॉस 13’ के रनर-अप और अभिनेता आसिम रियाज ने अपनी एक्स-गर्लफ्रेंड हिमांशी खुराना के धर्म परिवर्तन से जुड़े हालिया दावों पर सफाई दी है।
आसिम ने सोशल मीडिया पर एक लंबा पोस्ट शेयर करते हुए कहा कि उन्होंने कभी हिमांशी या किसी अन्य व्यक्ति से धर्म बदलने के लिए नहीं कहा। उन्होंने आरोप लगाया कि उनके खिलाफ नफरत फैलाने के लिए धर्म जैसे संवेदनशील मुद्दे का इस्तेमाल किया जा रहा है।
आसिम ने रविवार को इंस्टाग्राम पर पोस्ट शेयर की। हालांकि उन्होंने हिमांशी का नाम सीधे तौर पर नहीं लिया, लेकिन उनका बयान हालिया पॉडकास्ट में हिमांशी द्वारा किए गए दावों के संदर्भ में माना जा रहा है।
आसिम ने लिखा कि उन्होंने कभी किसी को अपना धर्म बदलने के लिए नहीं कहा। उन्होंने यह भी कहा कि निजी मामलों को सार्वजनिक करके विवाद खड़ा करना ठीक नहीं है।
हिमांशी ने पॉडकास्ट में लगाए थे आरोप
इससे पहले हिमांशी खुराना ने पारस छाबड़ा के पॉडकास्ट में अपने और आसिम के रिश्ते के मुश्किल दौर का जिक्र किया था। उन्होंने दावा किया कि एक समय वह आसिम के दबाव में इस्लाम कबूल करने के बेहद करीब पहुंच गई थीं।
हिमांशी के मुताबिक, रिश्ते के दौरान उनके पूजा-पाठ और धार्मिक मान्यताओं को लेकर आपत्ति जताई जाती थी।
उन्होंने बताया कि मानसिक दबाव के दौरान वह धर्म बदलने के फैसले तक पहुंच गई थीं। धर्म परिवर्तन से पहले उन्होंने चार धाम यात्रा करने की इच्छा भी जताई थी।
हिमांशी ने कहा कि उस समय उन्हें लग रहा था कि शायद इसके बाद वह अपने पुराने धार्मिक विश्वासों और उनसे जुड़े लोगों से दोबारा न मिल पाएं।
2023 में हुआ था ब्रेकअप
आसिम और हिमांशी की मुलाकात ‘बिग बॉस 13’ में हुई थी। शो के दौरान दोनों करीब आए और बाद में लंबे समय तक रिलेशनशिप में रहे। फैंस ने इस जोड़ी को ‘आसिमांशी’ नाम दिया था।
दिसंबर 2023 में दोनों ने अलग होने की घोषणा की थी। उस समय भी अलग-अलग धर्म और धार्मिक मान्यताओं को रिश्ते में दरार की वजह बताया गया था। अब हिमांशी के नए दावों और आसिम की सफाई के बाद दोनों का पुराना रिश्ता एक बार फिर चर्चा में है।
