मुंबई। मुंबई में गुरुवार रात अभिनेता और डांसर राघव जुयाल की बर्थडे पार्टी सितारों से सजी रही, लेकिन सबसे ज्यादा चर्चा शाहरुख खान के बेटे आर्यन खान की रही। पार्टी में पहुंचते ही आर्यन को देखने के लिए फैंस की भीड़ उमड़ पड़ी।
इसी दौरान एक फैन उनके साथ सेल्फी लेने की कोशिश में संतुलन खोकर गिर पड़ा। आर्यन ने बिना देर किए आगे बढ़कर उसे उठाया और उसकी मदद की। उनका यह व्यवहार सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। फैंस उनकी सादगी और विनम्रता की जमकर तारीफ कर रहे हैं।
राघव जुयाल की इस बर्थडे पार्टी में कई बॉलीवुड सितारे शामिल हुए। शहनाज गिल, मुनव्वर फारूकी, बादशाह, सान्या मल्होत्रा, मोना सिंह, संजय कपूर और अमीषा पटेल ने भी अपनी मौजूदगी दर्ज कराई। बर्थडे बॉय राघव ऑल-ब्लैक सूट में स्टाइलिश अंदाज में नजर आए, जबकि अन्य सेलेब्स भी ग्लैमरस लुक में दिखाई दिए।
पार्टी से आर्यन खान का एक और वीडियो भी सामने आया है, जिसमें वह भीड़ से बचने के लिए लिफ्ट के अंदर नीचे बैठते नजर आ रहे हैं। पार्टी खत्म होने के बाद वह चुपचाप निकलना चाहते थे, लेकिन बाहर मौजूद फैंस और पैपराजी की भीड़ के कारण ऐसा संभव नहीं हो सका।
इस दौरान सिक्योरिटी टीम लगातार उनके साथ रही। वीडियो में आर्यन सबसे आगे चलते दिखे, जबकि उनके पीछे राघव जुयाल और शहनाज गिल साथ नजर आए।
वर्कफ्रंट की बात करें तो राघव जुयाल हाल ही में आर्यन खान के निर्देशन में बनी वेब सीरीज ‘द बैड्स ऑफ बॉलीवुड’ में नजर आए हैं। वहीं उनकी अगली फिल्म ‘भाई तेरा स्टार है’ का ट्रेलर भी रिलीज हो चुका है।
फिल्म में राघव कॉमिक भूमिका निभा रहे हैं और उनके साथ संजय कपूर, चंदन रॉय सान्याल, बरखा सिंह, टीना देसाई और विवान भटेना अहम किरदारों में हैं। यह फिल्म 30 जुलाई को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
