प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार-2026 के लिए आवेदन शुरू, 31 जुलाई तक कर सकेंगे ऑनलाइन नामांकन

रायपुर। देश के प्रतिभाशाली बच्चों को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित करने वाले प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार-2026 के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू हो गई है।
महिला एवं बाल विकास विभाग ने बताया कि इस प्रतिष्ठित पुरस्कार के लिए ऑनलाइन नामांकन की अंतिम तिथि 31 जुलाई 2026 निर्धारित की गई है। इच्छुक बच्चे, अभिभावक और संस्थाएं राष्ट्रीय पुरस्कार पोर्टल के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं।
यह पुरस्कार भारत सरकार की ओर से उन बच्चों को दिया जाता है, जिन्होंने कम उम्र में अपने असाधारण कार्यों और उपलब्धियों से देश का नाम रोशन किया है। चयनित बच्चों को प्रतिवर्ष राष्ट्रपति द्वारा सम्मानित किया जाता है।
इस पुरस्कार के लिए 5 से 18 वर्ष आयु वर्ग के भारतीय बच्चे आवेदन करने के पात्र हैं। वीरता, सामाजिक सेवा, पर्यावरण संरक्षण, खेल, कला एवं संस्कृति तथा विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी जैसे क्षेत्रों में उत्कृष्ट उपलब्धि हासिल करने वाले बच्चों का चयन किया जाएगा।
आवेदन प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन है और इसमें स्वयं नामांकन (सेल्फ-नॉमिनेशन) की भी सुविधा उपलब्ध है। इसके अलावा अभिभावक, शिक्षण संस्थान, सामाजिक संगठन या कोई भी व्यक्ति योग्य बच्चे का नामांकन कर सकता है।
इच्छुक आवेदक विस्तृत जानकारी और आवेदन प्रक्रिया के लिए राष्ट्रीय पुरस्कार पोर्टल (Awards Portal) पर जाकर ऑनलाइन फॉर्म भर सकते हैं। विभाग ने स्पष्ट किया है कि ऑफलाइन आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे।
छत्तीसगढ़ शासन ने प्रदेश के सभी जिलों के प्रतिभाशाली बच्चों, उनके अभिभावकों और शिक्षण संस्थानों से अधिक से अधिक संख्या में आवेदन करने की अपील की है।
सरकार का मानना है कि इससे राज्य के होनहार बच्चों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने और राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाने का अवसर मिलेगा। साथ ही उनकी उपलब्धियां अन्य बच्चों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बनेंगी।





