उत्कर्ष योजना के तहत कक्षा 6वीं में प्रवेश के लिए आवेदन शुरू, 26 जुलाई को होगी परीक्षा

रायपुर। मुख्यमंत्री अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति विद्यार्थी उत्कर्ष योजना 2026-27 के तहत कक्षा 6वीं में प्रवेश के लिए पात्र छात्र-छात्राओं से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। पूर्व में जवाहर उत्कर्ष योजना के नाम से संचालित यह योजना अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति वर्ग के प्रतिभावान विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल मानी जा रही है।

योजना के अंतर्गत वही विद्यार्थी आवेदन कर सकेंगे, जो छत्तीसगढ़ के मूल निवासी हों और अनुसूचित जाति अथवा अनुसूचित जनजाति वर्ग से संबंधित हों। साथ ही आवेदक छात्र-छात्राएं सत्र 2025-26 में किसी मान्यता प्राप्त विद्यालय में कक्षा 5वीं में नियमित अध्ययनरत हों तथा कक्षा 4थी की परीक्षा में न्यूनतम 80 प्रतिशत अंक या समकक्ष ग्रेड प्राप्त किए हों। पालक की वार्षिक आय सभी स्रोतों से 2 लाख 50 हजार रुपए से अधिक नहीं होनी चाहिए।

ग्रामीण एवं नगरीय क्षेत्रों के विद्यालयों में अध्ययनरत विद्यार्थी 20 जून 2026 तक अपने विद्यालय में आवेदन पत्र जमा कर सकेंगे। आवेदन के साथ पालकों की सहमति पत्र, आयकरदाता न होने का प्रमाण पत्र, ग्रामीण क्षेत्र में स्थित विद्यालय का प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र तथा कक्षा 4थी और 5वीं की अंकसूची की छायाप्रति संलग्न करना अनिवार्य होगा। विद्यार्थी केवल अपने मूल निवास जिले में ही आवेदन कर सकेंगे।

आदिवासी विकास विभाग जिला सक्ती के अनुसार विद्यालय स्तर से लेकर विभागीय स्तर तक आवेदन प्रक्रिया पूरी की जाएगी। विद्यालय प्रमुख आवेदन पत्रों का परीक्षण कर उन्हें विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय भेजेंगे, जिसके बाद सूची सहायक आयुक्त आदिवासी विकास कार्यालय को भेजी जाएगी।

योजना अंतर्गत विद्यार्थियों के चयन के लिए 26 जुलाई 2026, रविवार को दोपहर 12 बजे से 2 बजे तक लिखित परीक्षा आयोजित की जाएगी। योजना से संबंधित विस्तृत जानकारी आदिवासी विकास विभाग छत्तीसगढ़ पर उपलब्ध है।

Exit mobile version