ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

अमर वाटिका में अमित शाह ने शहीद जवानों को किया नमन: परिजनों से मिलकर बंधाया ढांढस, बोले- बलिदान कभी नहीं जाएगा व्यर्थ

रायपुर। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने सोमवार को अपने बस्तर दौरे के दौरान जगदलपुर स्थित अमर वाटिका पहुंचकर माओवाद के खिलाफ लड़ाई में शहीद हुए एक हजार से अधिक जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित की।

इस दौरान मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय भी मौजूद रहे। अमर वाटिका में शहीद जवानों को नमन करते हुए अमित शाह ने कहा कि बस्तर में शांति, सुरक्षा और विकास स्थापित करने में सुरक्षाबलों के जवानों का बलिदान अविस्मरणीय है। उन्होंने कहा कि देश की एकता और सुरक्षा के लिए अपने प्राण न्यौछावर करने वाले वीर जवानों का त्याग कभी व्यर्थ नहीं जाएगा।

केंद्रीय गृहमंत्री ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार माओवाद के समूल उन्मूलन तथा बस्तर में स्थायी शांति स्थापित करने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि विकास की रोशनी अब बस्तर के अंतिम गांव तक पहुंचाई जाएगी।

इस दौरान अमित शाह ने बीजापुर नक्सली हमले में शहीद हुए जवान कालेन्द्र प्रसाद नायक और पवन कुमार मंडावी के परिजनों से आत्मीय मुलाकात की। वे परिवारों के बीच बैठकर उनका दुख साझा करते नजर आए। उन्होंने शहीद परिवारों को हरसंभव सहायता और सहयोग का भरोसा भी दिलाया। इसके साथ ही केंद्रीय गृहमंत्री ने सुरक्षाबलों के जवानों से संवाद कर उनका उत्साहवर्धन किया और उनके साहस एवं समर्पण की सराहना की।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि शहीद जवानों का बलिदान छत्तीसगढ़ कभी नहीं भूलेगा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार शहीद परिवारों के सम्मान, सुरक्षा और कल्याण के लिए संवेदनशीलता के साथ कार्य कर रही है। कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री विजय शर्मा, मंत्री केदार कश्यप समेत कई जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button