अमित शाह बस्तर दशहरा में शामिल, मांझी-चालकी के साथ अभिनंदन भोज में हुए सहभागी

जगदलपुर। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय शनिवार को बस्तर दशहरा पर्व के अवसर पर लालबाग मैदान पहुंचे। यहां उन्होंने मांझी-चालकी, मेम्बर और मेम्बरीन समुदायों के सम्मान में आयोजित अभिनंदन भोज में हिस्सा लिया। इस मौके पर आदिवासी समाज की परंपरागत आतिथ्य और संस्कृति का विशेष प्रदर्शन किया गया।
अमित शाह ने भोज में परोसे गए आदिवासी समाज के पारंपरिक व्यंजनों की सराहना करते हुए कहा कि बस्तर की संस्कृति और जीवन मूल्यों का स्वाद इन व्यंजनों में झलकता है। उन्होंने इसे भारत की सांस्कृतिक विविधता और परंपराओं का जीवंत उदाहरण बताया।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि बस्तर में मांझी-चालकी और अन्य प्रतिनिधियों के साथ अभिनंदन भोज केवल सम्मान का आयोजन नहीं है, बल्कि यह भाईचारे और सामुदायिक मेल-जोल का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि यह परंपरा बस्तर की समृद्ध आदिवासी संस्कृति और सामाजिक एकता का परिचायक है।
इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा, कृषि मंत्री रामविचार नेताम, वन मंत्री केदार कश्यप, महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े, पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल, सांसद महेश कश्यप और भोजराज नाग सहित अनेक जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। अभिनंदन भोज ने बस्तर दशहरा की गरिमा और भव्यता को और बढ़ा दिया। परंपरा, संस्कृति और सामाजिक सौहार्द्र का यह संगम एक ऐतिहासिक अवसर बन गया, जहां स्थानीय प्रतिनिधियों और शीर्ष नेतृत्व ने एक साथ सहभागिता की।