नशे की लत ने बनाया पैडलर: कार में चिट्टा बेचते दो युवक गिरफ्तार

ग्राहक की तलाश में घूम रहे थे, पुलिस ने 2.29 लाख का सामान जब्त किया
धमतरी। धमतरी में पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए दो युवकों को हेरोइन (चिट्टा) के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी कार में बैठकर ग्राहकों की तलाश कर रहे थे, तभी पुलिस ने उन्हें रंगे हाथ पकड़ लिया। कार्रवाई सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र में की गई।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि धमतरी बस स्टैंड के पीछे एक सफेद रंग की मारुति सुजुकी स्विफ्ट कार में दो युवक नशीले पदार्थ की बिक्री के लिए घूम रहे हैं। सूचना पर एसपी सूरज सिंह परिहार के निर्देश और सीएसपी अभिषेक चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में टीम ने घेराबंदी कर दबिश दी।
तलाशी के दौरान पुलिस ने दोनों आरोपियों के पास से 10.30 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद किया, जिसकी कीमत करीब 47 हजार रुपए बताई गई है। इसके अलावा 12 हजार रुपए नगद, एक स्विफ्ट कार, आईफोन 11, वीवो Y31 मोबाइल और अन्य सामग्री जब्त की गई। कुल जब्त संपत्ति की कीमत लगभग 2.29 लाख रुपए आंकी गई है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कमर रजा (28) निवासी सदर बाजार धमतरी और मोहम्मद शोएब अख्तर (26) निवासी दुर्ग के रूप में हुई है।
पूछताछ में खुलासा हुआ कि दोनों पहले खुद नशे के आदी थे। महंगे नशे की लत पूरी करने के लिए उन्होंने चिट्टा बेचना शुरू कर दिया और धीरे-धीरे पैडलर बन गए। पिछले करीब एक साल से वे इस धंधे में सक्रिय थे और पुलिस से बचने के लिए बार-बार मोबाइल बदलते थे।
पुलिस पिछले एक महीने से उनकी गतिविधियों पर नजर रखे हुए थी। जैसे ही दोनों ग्राहक की तलाश में निकले, टीम ने दबिश देकर उन्हें पकड़ लिया। आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की जा रही है।





