जीपीएम। गौरेला-पेंड्रा-मरवाही (GPM) जिले में अवैध खनन और खनिजों के अवैध परिवहन के खिलाफ खनिज विभाग ने कार्रवाई तेज कर दी है।
सीएम हेल्पलाइन में मिली शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई करते हुए विभाग की टीम ने अलग-अलग क्षेत्रों से 4 ट्रैक्टर और 1 हाईवा वाहन जब्त किया है।
इन वाहनों से रेत, मिट्टी और गिट्टी का अवैध परिवहन किया जा रहा था। कार्रवाई के बाद खनिजों के अवैध कारोबार में लगे लोगों में हड़कंप की स्थिति है।
सिवनी में रेत, पड़वनिया में मिट्टी का परिवहन
खनिज विभाग के मुताबिक सिवनी क्षेत्र में रेत के अवैध परिवहन में लगे 2 ट्रैक्टरों को पकड़ा गया। वहीं मजगवां क्षेत्र से 1 ट्रैक्टर जब्त किया गया। पड़वनिया में ईंट बनाने के लिए मिट्टी के अवैध परिवहन में लगे एक ट्रैक्टर पर कार्रवाई की गई।
इसके अलावा पकरिया क्षेत्र में गिट्टी का अवैध परिवहन करते हुए एक हाईवा वाहन पकड़ा गया। विभाग ने सभी वाहनों को जब्त कर नियमानुसार सुरक्षित स्थानों पर खड़ा कराया है।
सिवनी चौकी और अमरपुर पुलिस लाइन में रखे वाहन
जब्त किए गए 5 वाहनों में से 2 ट्रैक्टरों को सिवनी चौकी में रखा गया है। वहीं 2 ट्रैक्टर और एक हाईवा वाहन को अमरपुर पुलिस लाइन में सुरक्षित रखा गया है।
खनिज विभाग ने वाहन मालिकों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर नियमानुसार कार्रवाई शुरू कर दी है।
सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों पर मौके पर जांच
अधिकारियों के मुताबिक सीएम हेल्पलाइन के जरिए प्राप्त शिकायतों को प्राथमिकता से लिया जा रहा है। शिकायत मिलने के बाद खनिज विभाग की टीम मौके पर पहुंचकर जांच कर रही है।
जांच में अवैध परिवहन की पुष्टि होने पर तत्काल वाहन जब्ती की कार्रवाई की जा रही है।
कलेक्टर विजय दयाराम के. ने अधिकारियों को सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों की गुणवत्तापूर्ण जांच और समयबद्ध निराकरण के निर्देश दिए हैं।
अवैध खनन के खिलाफ अभियान जारी
खनिज विभाग ने कहा है कि जिले में अवैध उत्खनन, भंडारण और परिवहन के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। प्रशासन का उद्देश्य खनिज संसाधनों के अवैध दोहन पर रोक लगाने के साथ शासन को होने वाले राजस्व नुकसान को रोकना है।
