22 साल से फरार NDPS एक्ट का आरोपी मध्यप्रदेश से गिरफ्तार, 2004 में दर्ज हुआ था केस

रायपुर। रायपुर के गोलबाजार थाने में दर्ज 22 साल पुराने NDPS एक्ट के मामले में पुलिस ने एक स्थायी वारंटी को मध्यप्रदेश के अनूपपुर से गिरफ्तार किया है। आरोपी वर्ष 2004 से फरार था। पुलिस ने उसकी तलाश में रीवा, शहडोल, ब्यौहारी और अनूपपुर सहित कई इलाकों में दबिश दी। गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया।
पुलिस के मुताबिक, मामला अपराध क्रमांक 147/2004 और NDPS एक्ट की धारा 20(बी) से जुड़ा है। इसमें झुरी उर्फ समारू उर्फ पहरु, पिता मंद लाल गौड़ यादव, निवासी ग्राम गोवा, थाना भालूमाड़ा, जिला अनूपपुर के खिलाफ अदालत ने स्थायी वारंट जारी किया था। यह वारंट 22 साल से लंबित था।
पांच इलाकों में तलाश के बाद गिरफ्तारी
लंबित स्थायी वारंटों की तामिली के लिए पुलिस उपायुक्त मध्य जोन तारकेश्वर पटेल के निर्देश पर विशेष टीम बनाई गई थी। अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त विवेक शुक्ला के मार्गदर्शन और सहायक पुलिस आयुक्त कोतवाली दीपक मिश्रा के पर्यवेक्षण में टीम मध्यप्रदेश रवाना हुई।
पुलिस टीम ने रीवा, शहडोल, ब्यौहारी, अनूपपुर और भालूमाड़ा में आरोपी की तलाश की। लगातार पतासाजी के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। गोलबाजार पुलिस ने स्थायी वारंट की तामिली करते हुए आरोपी को आगे की वैधानिक कार्रवाई के लिए न्यायालय के समक्ष पेश किया।
दूसरा आरोपी गौरेला-पेंड्रा जेल में बंद
इस पुराने मामले में एक अन्य आरोपी की जानकारी भी पुलिस को मिली है। वह किसी दूसरे मामले में गौरेला-पेंड्रा जेल में बंद है। पुलिस अब उसे इस केस में अदालत के सामने पेश करने के लिए प्रोडक्शन वारंट जारी कराने की प्रक्रिया कर रही है।
रायपुर कमिश्नरेट पुलिस के अनुसार, फरार वारंटियों की गिरफ्तारी और वर्षों से लंबित स्थायी वारंटों की तामिली के लिए अभियान जारी रहेगा।





