दंतेवाड़ा। उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने दंतेवाड़ा में लोक निर्माण, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, नगरीय प्रशासन एवं विकास तथा खेल एवं युवा कल्याण विभाग के अधिकारियों की बैठक लेकर विकास कार्यों की समीक्षा की।
उन्होंने स्वीकृत, निर्माणाधीन और प्रस्तावित कार्यों की प्रगति की जानकारी ली और सभी काम तय समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने साफ कहा कि निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और समय-सीमा से किसी भी तरह का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।
अरुण साव ने कहा कि अधिकारियों को अपनी कार्यशैली में बदलाव लाकर परिणाम आधारित काम करना होगा। सड़कों, भवनों, पुल-पुलियों और अन्य निर्माण कार्यों में गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दिया जाए। कार्यों में अनावश्यक देरी होने पर संबंधित अधिकारी की जवाबदेही तय कर कार्रवाई की जाएगी।
PM आवास और नल-जल योजनाओं में तेजी
उप मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री आवास योजना-शहरी के तहत बन रहे मकानों के निर्माण में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने निर्माणाधीन आवास जल्द पूरा कर हितग्राहियों को उपलब्ध कराने को कहा।
जल जीवन मिशन की पूरी हो चुकी योजनाओं को ग्राम पंचायतों को संचालन के लिए हस्तांतरित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही प्रगतिरत नल-जल योजनाओं को जल्द पूरा करने और ठेकेदारों व संबंधित एजेंसियों के लंबित बिलों का भुगतान करने को कहा। पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग से समन्वय कर जलापूर्ति योजनाओं का बेहतर संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
बारिश के बाद निर्माण कार्यों में तेजी
अरुण साव ने कहा कि बारिश खत्म होते ही सभी निर्माण कार्यों में तेजी लाई जाए। उन्होंने अधिकारियों को दिए गए निर्देशों का गंभीरता से पालन करने और अपने दायित्वों का जवाबदेही के साथ निर्वहन करने को कहा। उन्होंने कहा कि योजनाओं और विकास कार्यों का असर केवल कागजों पर नहीं, बल्कि धरातल पर दिखाई देना चाहिए।
बैठक में कलेक्टर देवेश ध्रुव, वनमंडलाधिकारी रामाकृष्ण रंगानाथा वाय., अपर कलेक्टर राजेश पात्रे सहित संबंधित विभागों के संभागीय और जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।
