अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर में सोमवार शाम दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। नमनाकला रिंग रोड पर सड़क क्रॉस कर रहे बाइक सवार व्यवसायी को तेज रफ्तार ट्रक ने कुचल दिया। हादसे में व्यवसायी की मौके पर ही मौत हो गई। घटना गांधीनगर थाना क्षेत्र की है।
जानकारी के मुताबिक, रिंग रोड नमनाकला निवासी व्यवसायी प्रह्लाद सोनी (50) सोमवार शाम बाइक में कुछ सामान लोड कर घर से निकले थे। वे बस स्टैंड की ओर जाने के लिए सड़क पार कर रहे थे।
जैसे ही उन्होंने डिवाइडर क्रॉस किया, गांधी चौक से बस स्टैंड की तरफ जा रहे ट्रक से उनकी बाइक टकरा गई। टक्कर लगते ही व्यवसायी बाइक समेत सड़क पर गिर पड़े। इसी दौरान ट्रक का पहिया उनके सिर के ऊपर से गुजर गया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। यह हादसा उनके घर से करीब 30 मीटर दूर हुआ।
घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और कुछ देर के लिए यातायात भी बाधित रहा। सूचना पर गांधीनगर पुलिस पहुंची, शव को मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेजा और ट्रैफिक बहाल कराया। हादसा पास की दुकान के CCTV कैमरे में रिकॉर्ड हो गया है।
