रायपुर में ग्रीन कॉरिडोर की मिसाल: 15 मिनट में पहुंची एंबुलेंस, सफल हुआ किडनी ट्रांसप्लांट

रायपुर। राजधानी में मानवता, समन्वय और प्रशासनिक तत्परता का बेहतरीन उदाहरण सामने आया है। किडनी ट्रांसप्लांट के लिए एम्स रायपुर से श्री बालाजी हॉस्पिटल तक ग्रीन कॉरिडोर बनाकर एंबुलेंस को महज 15 मिनट में सुरक्षित पहुंचाया गया, जिससे मरीज की जान बच सकी।

जानकारी के मुताबिक, एम्स रायपुर के डॉक्टर वरुण ने किडनी ट्रांसप्लांट की आपात स्थिति को देखते हुए पुलिस कमिश्नर संजीव शुक्ला को ग्रीन कॉरिडोर की जरूरत बताई। सूचना मिलते ही तत्काल निर्देश जारी किए गए और रायपुर यातायात पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए पूरे मार्ग को खाली कराया।

दोपहर 2:02 बजे एंबुलेंस एम्स से रवाना हुई और जीई रोड, मोहबा बाजार, आमापारा, अग्रसेन चौक, तेलघानी नाका, स्टेशन चौक, एक्सप्रेसवे, पंडरी ब्रिज, कपड़ा मार्केट, लोधीपारा, दलदल सिवनी होते हुए 2:17 बजे श्री बालाजी हॉस्पिटल पहुंच गई। पूरे रूट पर ग्रीन कॉरिडोर बनाकर ट्रैफिक को नियंत्रित किया गया, जिससे एंबुलेंस को कहीं भी रुकना नहीं पड़ा।

इस त्वरित कार्रवाई के चलते पेंड्रा निवासी 39 वर्षीय मरीज का सफलतापूर्वक किडनी ट्रांसप्लांट किया गया। वहीं उत्तर प्रदेश के इटावा निवासी 39 वर्षीय सुनील कुमार ने अंगदान कर मानवता की मिसाल पेश की।

इस पूरे ऑपरेशन में पुलिस और स्वास्थ्य विभाग के बीच शानदार तालमेल देखने को मिला। समय की संवेदनशीलता को समझते हुए जिस तरह से ग्रीन कॉरिडोर बनाया गया, उसने एक जीवन बचाने में अहम भूमिका निभाई।

रायपुर पुलिस और यातायात विभाग की इस पहल की व्यापक सराहना हो रही है। यह घटना साबित करती है कि समन्वित प्रयास और त्वरित निर्णय से आपात स्थितियों में जीवन बचाया जा सकता है।

Exit mobile version