ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

ऑयल पाम के साथ मूंगफली की अंतरवर्तीय खेती से चमकी किसान की किस्मत, 70 हजार रुपए का अतिरिक्त मुनाफा

रायपुर। छत्तीसगढ़ में किसानों की आय बढ़ाने के लिए संचालित राष्ट्रीय मिशन ऑन एडिबल ऑयल-ऑयल पाम योजना किसानों के लिए लाभदायक साबित हो रही है।

बीजापुर जिले के भोपालपटनम विकासखंड के ग्राम कचनूर के किसान पोटाम गणेश ने ऑयल पाम के साथ मूंगफली की अंतरवर्तीय खेती कर अतिरिक्त 70 हजार रुपए का शुद्ध लाभ कमाया है। उनकी सफलता अब क्षेत्र के अन्य किसानों के लिए भी प्रेरणा बन रही है।

पोटाम गणेश ने अपनी 2.20 हेक्टेयर कृषि भूमि में ऑयल पाम के पौधे लगाए हैं। ऑयल पाम को उत्पादन देने में कुछ वर्ष लगते हैं, इसलिए शुरुआती समय में पौधों के बीच की जमीन खाली रहती है।

उद्यानिकी विभाग की सलाह पर उन्होंने इस खाली भूमि में मूंगफली की अंतरवर्तीय खेती शुरू की, जिससे जमीन का बेहतर उपयोग हुआ और अतिरिक्त आय का स्रोत भी तैयार हो गया।

इस खेती में किसान ने करीब 30 हजार रुपए की लागत लगाई। फसल तैयार होने पर उन्हें लगभग एक लाख रुपए का उत्पादन मूल्य मिला। लागत निकालने के बाद करीब 70 हजार रुपए का शुद्ध मुनाफा हुआ।

इससे न केवल उनकी खेती की लागत आसानी से निकल गई, बल्कि परिवार की आर्थिक स्थिति भी मजबूत हुई।

पोटाम गणेश का कहना है कि ऑयल पाम के शुरुआती वर्षों में अंतरवर्तीय खेती किसानों के लिए काफी फायदेमंद है। जब तक मुख्य फसल उत्पादन नहीं देती, तब तक दूसरी फसल से नियमित आय होती रहती है। उन्होंने अन्य किसानों से भी इस आधुनिक खेती पद्धति को अपनाने की अपील की है।

उद्यानिकी विभाग के अधिकारियों के अनुसार, राष्ट्रीय मिशन ऑन एडिबल ऑयल-ऑयल पाम योजना के तहत किसानों को तकनीकी मार्गदर्शन, उन्नत खेती की जानकारी और आवश्यक सहयोग दिया जा रहा है।

विभाग का मानना है कि अंतरवर्तीय खेती किसानों की आय बढ़ाने के साथ-साथ देश में तिलहन उत्पादन बढ़ाने और खाद्य तेलों के क्षेत्र में आत्मनिर्भरता हासिल करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।

Related Articles

Back to top button