रक्षाबंधन से पहले महिलाओं को बड़ी सौगात, महतारी वंदन की 31वीं किस्त आज होगी ट्रांसफर

बालोद। रक्षाबंधन से पहले छत्तीसगढ़ की महिलाओं को मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय बड़ी सौगात देने जा रहे हैं।

मुख्यमंत्री 25 अगस्त को बालोद जिले के डौण्डीलोहारा स्थित लाल रघुवीर सिंह स्टेडियम में आयोजित बिहान दीदी एवं स्व-सहायता समूह सम्मान समारोह में महतारी वंदन योजना की 31वीं किस्त की राशि हितग्राहियों के खातों में ट्रांसफर करेंगे।

इस किस्त के तहत प्रदेश की 67 लाख 28 हजार 918 महिलाओं के खातों में 631 करोड़ 38 लाख 37 हजार 700 रुपए अंतरित किए जाएंगे।

सरकार के मुताबिक, महतारी वंदन योजना के तहत हर महीने मिलने वाली आर्थिक सहायता महिलाओं के लिए घरेलू जरूरतों के साथ स्वास्थ्य, चिकित्सा और पोषण संबंधी खर्चों में मददगार साबित हो रही है। कई महिलाएं इस राशि का उपयोग बेटियों के भविष्य के लिए सुकन्या समृद्धि योजना में जमा करने और छोटे आर्थिक कामों में भी कर रही हैं।

30 किस्तों में दिए 19 हजार 444 करोड़

महतारी वंदन योजना के तहत अब तक 30 किस्तों में महिलाओं को 19 हजार 444 करोड़ रुपए की आर्थिक सहायता दी जा चुकी है। सामान्य तौर पर सितंबर 2026 की 31वीं किस्त का भुगतान सितंबर में किया जाना था, लेकिन रक्षाबंधन को देखते हुए मुख्यमंत्री ने इसे पहले ही जारी करने का निर्णय लिया है।

राखी से पहले खाते में आएगी राशि

सरकार की ओर से बताया गया है कि रक्षाबंधन से ठीक पहले राशि मिलने से महिलाओं को त्योहार की तैयारियों में आर्थिक मदद मिलेगी। इसके साथ ही नियमित सहायता से महिलाओं की आर्थिक आत्मनिर्भरता और परिवार में उनकी भागीदारी भी मजबूत हो रही है।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री बिहान दीदियों और स्व-सहायता समूहों की महिलाओं का सम्मान भी करेंगे। सरकार का कहना है कि महतारी वंदन के साथ स्व-सहायता समूहों के माध्यम से महिलाओं को आजीविका और स्वरोजगार से जोड़ने पर भी लगातार जोर दिया जा रहा है।

Exit mobile version