दिल की प्रमुख धमनियों से चिपकी थी कैंसर की गांठ, 4 घंटे चला ऑपरेशन

अंबेडकर अस्पताल के डॉक्टरों ने 60 वर्षीय मरीज की छाती से 5 सेंटीमीटर का ट्यूमर निकाला; महाधमनी और फेफड़े को सुरक्षित रखते हुए सर्जरी करना थी बड़ी चुनौती

रायपुर। रायपुर के अंबेडकर अस्पताल में डॉक्टरों ने जटिल सर्जरी कर 60 वर्षीय मरीज की छाती से कैंसर की गांठ निकाली। करीब 5 सेंटीमीटर की यह गांठ दिल की प्रमुख रक्त वाहिकाओं, बाएं फेफड़े और हृदय की बाहरी झिल्ली से चिपकी हुई थी।

ऑपरेशन के दौरान महाधमनी को नुकसान पहुंचने पर अत्यधिक रक्तस्राव और मरीज की जान जाने का खतरा था। कैंसर सर्जरी और हार्ट, चेस्ट एंड वैस्कुलर सर्जरी विभाग की संयुक्त टीम ने करीब चार घंटे तक ऑपरेशन किया। सफल सर्जरी के बाद मरीज की हालत में सुधार हुआ और उसे अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।

कीमो और रेडिएशन के बाद पहुंचा था अस्पताल

डॉक्टरों के मुताबिक, मरीज को छाती में दर्द और भारीपन की शिकायत थी। निजी अस्पताल में बायोप्सी के बाद उसे इनवेसिव थाइमोमा होने की पुष्टि हुई थी। इसके बाद कीमोथेरेपी और रेडिएशन थेरेपी दी गई। आगे के इलाज के लिए मरीज अंबेडकर अस्पताल पहुंचा। यहां कॉन्ट्रास्ट सीटी स्कैन में 5×4.3×2.5 सेंटीमीटर की गांठ मिली।

यह ट्यूमर महाधमनी (एओर्टा), पल्मोनरी आर्टरी, बाएं फेफड़े और हृदय की बाहरी झिल्ली से चिपका था। डॉक्टरों के सामने सबसे बड़ी चुनौती प्रमुख रक्त वाहिकाओं को सुरक्षित रखते हुए ट्यूमर निकालने की थी।

गांठ के साथ फेफड़े का हिस्सा भी निकाला

दोनों विभागों के विशेषज्ञों ने संयुक्त रूप से सर्जरी की योजना बनाई। छाती के बीच में चीरा लगाकर गांठ तक पहुंच बनाई गई। उसे आसपास के अंगों से अलग करना काफी चुनौतीपूर्ण था। इसलिए ट्यूमर के साथ हृदय की बाहरी झिल्ली और बाएं फेफड़े का कुछ हिस्सा भी निकालना पड़ा।

सर्जरी डॉ. आशुतोष गुप्ता और डॉ. केके साहू के नेतृत्व में हुई। टीम में डॉ. किशन सोनी, डॉ. गुंजन अग्रवाल, डॉ. सोनम, डॉ. समृद्ध, डॉ. लावण्या, डॉ. आशीष मालव, डॉ. गौरव और डॉ. अक्षय शामिल रहे। निश्चेतना विशेषज्ञ डॉ. संकल्प ने भी अहम भूमिका निभाई।

क्या है इनवेसिव थाइमोमा

थाइमोमा छाती में हृदय के सामने स्थित थाइमस ग्रंथि का ट्यूमर है। इसका इनवेसिव रूप आसपास के अंगों और ऊतकों तक फैल सकता है। स्थिति के अनुसार इसके इलाज में सर्जरी, कीमोथेरेपी और रेडिएशन की जरूरत पड़ सकती है।

↑
Exit mobile version