हैप्पी बर्थडे एश्वर्या: 1500 रुपए से Cannes की जूरी तक, ऐश्वर्या राय के करियर के 10 अनसुने किस्से

मुंबई। बॉलीवुड एक्ट्रेस ऐश्वर्या राय बच्चन का करियर खूबसूरती, ग्लैमर और बड़ी उपलब्धियों के साथ कई दिलचस्प किस्सों से भी भरा है।

आज दुनियाभर में पहचान रखने वाली ऐश्वर्या को करियर के शुरुआती दिनों में मॉडलिंग के एक कैटलॉग शूट के लिए महज 1,500 रुपए मिले थे। वहीं, सनी देओल के साथ उनकी पहली फिल्म बनने वाली थी, जिसकी शूटिंग भी शुरू हुई, लेकिन वह कभी रिलीज नहीं हो सकी।

नौवीं क्लास में किया पहला विज्ञापन

ऐश्वर्या ने फिल्मों में आने से पहले ही विज्ञापनों में काम करना शुरू कर दिया था। नौवीं क्लास में उन्होंने कैमलिन पेंसिल का विज्ञापन किया था। इसके बाद आमिर खान के साथ पेप्सी के विज्ञापन में नजर आईं। इसमें उनका डायलॉग ‘Hi, I’m Sanjana’ काफी चर्चित हुआ था।

मिस इंडिया से पहले मिले थे 4 फिल्मों के ऑफर

ऐश्वर्या ने एक इंटरव्यू में बताया था कि मिस इंडिया और मिस वर्ल्ड प्रतियोगिता में हिस्सा लेने से पहले ही उन्हें चार फिल्मों के ऑफर मिल चुके थे। अगर वह मिस इंडिया में शामिल नहीं होतीं, तो आमिर खान की ‘राजा हिंदुस्तानी’ उनकी पहली फिल्म हो सकती थी।

सनी देओल के साथ अधूरी रह गई फिल्म

सनी देओल की फिल्म ‘इंडियन’ में ऐश्वर्या को लिया गया था। कुछ हिस्सों और गानों की शूटिंग भी हुई, लेकिन बजट की परेशानी के चलते फिल्म बंद हो गई। बाद में ऐश्वर्या ने 1997 में तमिल फिल्म ‘इरुवर’ से एक्टिंग करियर शुरू किया।

आमिर की फिल्म छोड़ने पर हुआ था विवाद

2003 में ऐश्वर्या को आमिर खान की फिल्म ‘मंगल पांडे: द राइजिंग’ में ज्वाला का किरदार मिला था। बाद में वह फिल्म से अलग हो गईं।

फीस बढ़ाने की मांग को इसकी वजह बताया गया, जबकि ऐश्वर्या ने स्क्रिप्ट और किरदार को लेकर असहमति जताई थी। इस विवाद के बाद सहारा ग्रुप ने भी फिल्म से दूरी बना ली। आखिरकार यह भूमिका अमीषा पटेल ने निभाई।

रेखा ने किराने की दुकान पर पहचाना था

एक बार मुंबई की किराने की दुकान पर दिग्गज अभिनेत्री रेखा ने ऐश्वर्या को पहचान लिया था और उन्हें शुभकामनाएं दी थीं।

डबिंग आर्टिस्ट बनना चाहती थीं

फिल्मों में आने से पहले ऐश्वर्या ने टीवी सीरियल के लिए डबिंग आर्टिस्ट बनने की कोशिश की थी, लेकिन उन्हें रिजेक्ट कर दिया गया।

घड़ियां कलेक्ट करना है पसंद

ऐश्वर्या को महंगे गहनों के बजाय घड़ियां इकट्ठा करने का शौक है। उनकी पसंदीदा क्लासिक फिल्म ‘कैसाब्लांका’ है।

उनके नाम पर रखा गया ट्यूलिप का नाम

2005 में नीदरलैंड में एक खास ट्यूलिप का नाम ऐश्वर्या के नाम पर रखा गया था। यह उनकी अंतरराष्ट्रीय लोकप्रियता का प्रतीक बना।

Cannes जूरी में शामिल होने वाली भारतीय अभिनेत्री

2003 में ऐश्वर्या Cannes Film Festival की जूरी का हिस्सा बनी थीं। 2009 में उन्हें पद्मश्री और 2012 में फ्रांस सरकार का Ordre des Arts et des Lettres सम्मान मिला।

1500 रुपए से अंतरराष्ट्रीय पहचान तक का सफर

ऐश्वर्या का सफर छोटे मॉडलिंग असाइनमेंट से शुरू होकर अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहुंचा। शुरुआती संघर्ष, अधूरी फिल्में और विवादों के बावजूद उन्होंने भारतीय सिनेमा में अपनी अलग पहचान बनाई।

↑
Exit mobile version