नल से घर पहुंचा पानी, महिलाओं को घंटों की मशक्कत से मिली राहत

जल जीवन मिशन से बदली नूनदरहा गांव की तस्वीर; अब पानी जुटाने के बजाय परिवार, बच्चों और दूसरे कामों के लिए मिल रहा समय
रायगढ़। जल जीवन मिशन के तहत घर-घर नल कनेक्शन पहुंचने से रायगढ़ जिले के नूनदरहा गांव की महिलाओं की दिनचर्या बदल गई है। पहले परिवार की जरूरतों के लिए पानी जुटाने में घंटों खर्च करने वाली महिलाओं को अब घर में ही पेयजल मिल रहा है। इससे न केवल उनकी मेहनत कम हुई है, बल्कि घरेलू कामकाज, बच्चों की देखभाल और साफ-सफाई के लिए भी अतिरिक्त समय मिलने लगा है।
रायगढ़ जिला मुख्यालय से करीब 47 किलोमीटर दूर तमनार विकासखंड की ग्राम पंचायत नूनदरहा में 331 परिवार रहते हैं। गांव की कुल आबादी 1281 है। यहां पहले पानी जुटाने की जिम्मेदारी मुख्य रूप से महिलाओं पर थी। गर्मियों में पानी की कमी के कारण खाना बनाने, कपड़े धोने और घर की साफ-सफाई जैसे रोजमर्रा के काम भी प्रभावित होते थे।
शांति चौहान की दिनचर्या हुई आसान
गांव की श्रीमती शांति चौहान भी इस बदलाव से लाभान्वित हुई हैं। पहले उन्हें परिवार की जरूरतों के लिए पानी का इंतजाम करने में काफी समय लगाना पड़ता था। घर में नल कनेक्शन मिलने के बाद अब उन्हें पानी ढोने की परेशानी से राहत मिली है। वे बचा हुआ समय बच्चों की देखभाल और दूसरे घरेलू कामों में लगा पा रही हैं। घर में पानी उपलब्ध होने से साफ-सफाई और व्यक्तिगत स्वच्छता पर ध्यान देना भी आसान हुआ है।
जल संरक्षण और गुणवत्ता पर भी जोर
जल जीवन मिशन के तहत केवल घरों तक नल से पानी पहुंचाने के साथ सुरक्षित पेयजल के प्रति जागरूकता भी बढ़ाई जा रही है। इसमें जल स्रोतों के संरक्षण, पानी के विवेकपूर्ण उपयोग और उसकी गुणवत्ता बनाए रखने पर जोर दिया जा रहा है।
नूनदरहा की तस्वीर बताती है कि घर तक पानी पहुंचने जैसी बुनियादी सुविधा महिलाओं के जीवन में कितना बड़ा बदलाव ला सकती है। पानी जुटाने में लगने वाला समय बचने से अब उनके पास परिवार के साथ-साथ आजीविका और अपनी रुचि के कामों के लिए भी अवसर बढ़े हैं।





