ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

75 करोड़ से बनेगा कचरे से गैस बनाने वाला प्लांट: रोज 130 टन कचरे से 5 टन बायोगैस और 16 टन जैविक खाद बनेगी

CM साय ने सेंदरी में निर्माणाधीन संयंत्र का किया निरीक्षण; निर्माण कार्य में रोज 150 श्रमिकों को मिल रहा रोजगार

बिलासपुर। बिलासपुर के कचरे से अब स्वच्छ ऊर्जा और जैविक खाद तैयार होगी। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सोमवार को ग्राम सेंदरी में निर्माणाधीन कंप्रेस्ड बायोगैस (CBG) संयंत्र का निरीक्षण किया।

भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (BPCL) गोवर्धन योजना के तहत करीब 75 करोड़ रुपए की लागत से यह प्लांट बना रहा है। इसमें प्रतिदिन 130 टन नगरीय ठोस कचरे का प्रसंस्करण कर लगभग 5 टन बायोगैस और 16 टन जैविक खाद तैयार करने की योजना है।

10 एकड़ में बन रहा संयंत्र

करीब 10 एकड़ क्षेत्र में विकसित हो रही इस परियोजना में कचरे का वैज्ञानिक तरीके से प्रसंस्करण किया जाएगा। इससे शहर में कचरे के निस्तारण का दबाव कम होगा और अपशिष्ट से उपयोगी उत्पाद तैयार किए जा सकेंगे। संयंत्र से निकलने वाले सॉलिड फ्रैक्शन ऑफ ऑर्गेनिक मैन्योर (SFOM) का इस्तेमाल जैविक खाद के रूप में किया जाएगा। इससे मिट्टी की उर्वरता बढ़ाने और खेती में जैविक संसाधनों के उपयोग को बढ़ावा मिल सकेगा।

यह परियोजना बिलासपुर नगर निगम और छत्तीसगढ़ बायोफ्यूल डेवलपमेंट अथॉरिटी के सहयोग से विकसित की जा रही है। फिलहाल संयंत्र में सिविल वर्क और बुनियादी ढांचे का निर्माण जारी है। निर्माण कार्यों में रोजाना करीब 150 श्रमिकों को रोजगार मिल रहा है।

बोले- स्वच्छता के साथ ऊर्जा की जरूरत भी होगी पूरी

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि ऊर्जा की बढ़ती जरूरतों और पर्यावरण संरक्षण के लिए वैकल्पिक ऊर्जा स्रोतों को बढ़ावा देना जरूरी है। कचरे से गैस और खाद बनाने की परियोजनाएं शहरों की स्वच्छता के साथ संसाधनों का बेहतर उपयोग सुनिश्चित करेंगी। इससे रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और किसानों को जैविक खाद उपलब्ध होगी।

निरीक्षण के दौरान केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, उप मुख्यमंत्री अरुण साव, विधायक अमर अग्रवाल, सुशांत शुक्ला, धरमलाल कौशिक और महापौर पूजा विधानी सहित जनप्रतिनिधि व अधिकारी मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button