6 पिल्लों को पीटकर पेट्रोल से जलाया, सभी की मौत: CCTV में कैद हुई नाबालिगों की क्रूरता; पुलिस ने परिजनों को थाने बुलाया

अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर में बेजुबान जानवरों के साथ क्रूरता का मामला सामने आया है। यहां 6 पिल्लों को पहले बेरहमी से पीटा गया, फिर बोरी में भरकर पेट्रोल डालकर आग लगा दी गई।
घटना में सभी पिल्लों की मौत हो गई। उनके अधजले शव पंजाब गार्डन के पीछे घंटों पड़े रहे। बाद में आवारा कुत्ते उन्हें नोंचते रहे। आसपास लगे CCTV कैमरों की जांच में इस घटना में 6 नाबालिगों की भूमिका सामने आई है। पुलिस ने उनकी पहचान कर परिजनों को थाने बुलाया है।
घटना गांधीनगर थाना क्षेत्र की है। जानकारी के मुताबिक, 13 नवंबर को शाम करीब 4:30 बजे पंजाब गार्डन के पीछे यह वारदात हुई। शुक्रवार को स्थानीय लोगों ने वहां पिल्लों के अधजले शव देखे। उनकी हालत देखकर पशु प्रेमियों को सूचना दी गई।
सूचना मिलने पर बेजुबान डॉग शेल्टर के संस्थापक सुधांशु शर्मा मौके पर पहुंचे। उन्होंने छहों पिल्लों के शवों को बोरी में रखकर सुरक्षित किया और गांधीनगर थाने में लिखित शिकायत देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
CCTV फुटेज में दिखे 6 नाबालिग
शनिवार को पुलिस और डॉग शेल्टर के सदस्य दोबारा घटनास्थल पहुंचे। आसपास लगे CCTV कैमरों की जांच की गई। फुटेज में छह नाबालिग पिल्लों को मारते और बाद में उनके शवों पर ज्वलनशील पदार्थ डालकर आग लगाते दिखाई दिए। इसके बाद पुलिस ने फुटेज के आधार पर उनकी पहचान की।
दो स्ट्रीट डॉग ने दिया था पिल्लों को जन्म
पुलिस और पशु प्रेमियों की पूछताछ में पता चला कि घटनास्थल के पास दो स्ट्रीट डॉग ने बच्चों को जन्म दिया था। इनमें से तीन पिल्लों की देखभाल आसपास के लोग कर रहे थे, जबकि बाकी अपनी मां के साथ घूमते थे। आरोप है कि इन्हीं पिल्लों को निशाना बनाया गया।
परिजनों को थाने बुलाया
गांधीनगर थाना प्रभारी शशिकांत सिन्हा ने बताया कि घटना में शामिल नाबालिगों की पहचान कर ली गई है। उनके अभिभावकों को थाने बुलाया गया है। नाबालिगों के शामिल होने के बावजूद मामले में वैधानिक कार्रवाई की संभावनाएं देखी जा रही हैं।





