StateNewsखेलदेश - विदेश

आर्यवीर सहवाग 303 रन बनाकर टॉप पर, पाकिस्तानी उस्मान छीन सकते हैं नंबर-1 का ताज

U19 एशिया कप में 4 मैचों में 101 की औसत से बनाए रन; फाइनल में भारत-पाकिस्तान की भिड़ंत, दोनों बल्लेबाजों के प्रदर्शन पर रहेगी नजर

दिल्ली। भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व विस्फोटक बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग के बेटे आर्यवीर सहवाग अंडर-19 एशिया कप 2026 में शानदार फॉर्म में हैं। उन्होंने टूर्नामेंट के 4 मैचों में 303 रन बनाकर सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाजों की सूची में पहला स्थान हासिल किया है।

अब 14 नवंबर को पाकिस्तान के खिलाफ होने वाले फाइनल में उनकी नजरें इस बढ़त को बरकरार रखने पर होंगी। हालांकि, पाकिस्तान के उस्मान खान उनके नंबर-1 के ताज के लिए चुनौती पेश कर सकते हैं।

आर्यवीर का औसत 101, लगा चुके हैं शतक

आर्यवीर ने 4 मुकाबलों में 101 की औसत और 95.58 के स्ट्राइक रेट से 303 रन बनाए हैं। इस दौरान उन्होंने एक शतक और दो अर्धशतक लगाए हैं। उनकी पारियों में 29 चौके और 16 छक्के शामिल हैं। टूर्नामेंट में अब तक कोई दूसरा बल्लेबाज 300 रन का आंकड़ा नहीं छू पाया है।

उस्मान खान से 65 रन आगे

रन बनाने के मामले में पाकिस्तान के उस्मान खान दूसरे नंबर पर हैं। उन्होंने 4 मैचों में 119 की औसत और 103.03 के स्ट्राइक रेट से 238 रन बनाए हैं। वह एक शतक और एक अर्धशतक लगा चुके हैं। आर्यवीर और उस्मान के बीच फिलहाल 65 रन का अंतर है। फाइनल में उस्मान बड़ी पारी खेलकर इस अंतर को कम कर सकते हैं।

टॉप-5 में भारत, पाकिस्तान और बांग्लादेश के बल्लेबाज

टूर्नामेंट के टॉप-5 रन बनाने वाले बल्लेबाजों में बांग्लादेश के अहसन अल मुमिन 235 रन के साथ तीसरे, अफगानिस्तान के शाह फैसल रहीमी 167 रन के साथ चौथे और भारतीय कप्तान लक्ष्य रायचंदानी 163 रन के साथ पांचवें स्थान पर हैं।

14 नवंबर को भारत-पाकिस्तान फाइनल

अंडर-19 एशिया कप का फाइनल शनिवार को भारत और पाकिस्तान के बीच खेला जाएगा। ग्रुप स्टेज में पाकिस्तान ने भारत को हराया था। अब भारतीय टीम के पास उस हार का बदला लेकर खिताब जीतने का मौका है। वहीं, आर्यवीर और उस्मान के बीच सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज की जंग भी मुकाबले को दिलचस्प बनाएगी।

Related Articles

Back to top button