गांव-गांव सोलर पैनल लगवा रहीं बिहान की दीदियां

801 महिलाओं को मिला प्रशिक्षण; 16 समूह विक्रेता के रूप में पंजीकृत, अब तक 76 घरों में लगे कनेक्शन
रायपुर। छत्तीसगढ़ के गांवों में अब सौर ऊर्जा का उजियारा फैलाने के साथ महिलाएं अपनी कमाई का नया जरिया भी बना रही हैं। बिहान स्व-सहायता समूहों से जुड़ी महिलाएं सोलर दीदी बनकर घर-घर पहुंच रही हैं।
वे लोगों को सोलर पैनल के फायदे बताने से लेकर आवेदन, स्थापना और रखरखाव तक में मदद कर रही हैं। अब तक 801 महिलाओं को इसके लिए प्रशिक्षण दिया जा चुका है और 76 घरों में सोलर कनेक्शन स्थापित किए जा चुके हैं।
इसकी जानकारी छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन ‘बिहान’ के रेडियो कार्यक्रम ‘दीदी के गोठ’ के 16वें एपिसोड में दी गई। कार्यक्रम में सीएसपीडीसीएल के अधीक्षण अभियंता बिंबिसार नागार्जुन ने प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना और इसमें बिहान के संकुल स्तरीय संगठनों (सीएलएफ) की भूमिका बताई।
16 सीएलएफ बने सोलर विक्रेता
नागार्जुन ने बताया कि प्रदेश के 16 सीएलएफ विक्रेता के रूप में पंजीकृत हो चुके हैं। 801 महिलाओं को सोलर दीदी के रूप में प्रशिक्षित किया गया है। सोलर पैनल लगाने के लिए 500 से अधिक आवेदन मिल चुके हैं।
दीदियां परिवारों की जरूरत समझने, दस्तावेज तैयार कराने, आवेदन भरने और पैनल लगने के बाद भी सहयोग करेंगी। स्थापना के काम से उन्हें कमीशन के जरिए आय भी होगी।
तीन जिलों की महिलाओं ने साझा किए अनुभव
कार्यक्रम में कबीरधाम के ग्राम समनापुर की अंजनी पटेल ने बताया कि बिहान से जुड़कर प्रशिक्षण लेने के बाद उन्होंने सोलर वेंडर का काम शुरू किया।
बलौदाबाजार के चक्रवाय गांव की संगीता धृतलहरे ने पैनल की फिटिंग, दिशा और रखरखाव से जुड़े अनुभव साझा किए। महासमुंद के कुरुभाठा गांव की अग्नि दीवान ने घर-घर सर्वे कर लोगों को योजना समझाने और आवेदन में मदद करने की जानकारी दी।
सोलर पैनल के लिए कहां करें संपर्क?
सोलर पैनल लगवाने के इच्छुक लोग अपने स्व-सहायता समूह, ग्राम संगठन, सीएलएफ या बिहान ब्लॉक कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं। जरूरत पड़ने पर सोलर दीदियां बिजली विभाग से भी समन्वय करेंगी।





