15 क्विंटल धान बेचने पर भी किसानों को मिलेंगे 13,839 रुपए प्रति एकड़

साय सरकार ने आदान सहायता का नियम बदला; गन्ने की खरीदी दर भी 70 रुपए बढ़ाई
रायपुर। छत्तीसगढ़ में अब किसान प्रति एकड़ 21 क्विंटल की जगह सिर्फ 15 क्विंटल धान बेचेंगे, तब भी उन्हें 21 क्विंटल के हिसाब से आदान सहायता मिलेगी। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने गुरुवार को इसकी घोषणा करते हुए बताया कि किसानों को प्रति एकड़ एकसमान 13,839 रुपए दिए जाएंगे। कम उत्पादन वाले क्षेत्रों, खासकर बस्तर और सरगुजा के किसानों को इससे राहत मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य है कि कम पैदावार के कारण कोई किसान सहायता से वंचित न रहे। इस साल प्रदेश में करीब 27.50 लाख किसानों से धान खरीदी की जाएगी। इसके लिए 360 नए उपार्जन केंद्र शुरू किए जा रहे हैं। कुल 3,100 केंद्रों के जरिए खरीदी होगी।
गन्ने की दर 355 से बढ़ाकर 425 रुपए प्रति क्विंटल
साय ने गन्ना किसानों के लिए भी खरीदी दर में बढ़ोतरी की घोषणा की। पिछले आठ साल से गन्ने की दर 355 रुपए प्रति क्विंटल थी, जिसे बढ़ाकर 425 रुपए कर दिया गया है। यानी किसानों को अब 70 रुपए प्रति क्विंटल अधिक मिलेंगे। केंद्र की उचित एवं लाभकारी कीमत (FRP) और राज्य की घोषित दर के बीच की अंतर राशि बोनस के रूप में दी जाएगी। पेराई सत्र 2025-26 में खरीदे गए गन्ने पर भी बढ़ी दर का लाभ मिलेगा।
15 नवंबर को धरमजयगढ़ में जनजातीय गौरव दिवस
मुख्यमंत्री ने बताया कि भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती पर 15 नवंबर को रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ में राज्य स्तरीय जनजातीय गौरव दिवस मनाया जाएगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में 11 से 18 नवंबर तक जनजातीय गौरव सप्ताह आयोजित किया जा रहा है।
साय ने कहा कि जनजातीय समाज के विकास के लिए पीएम जनमन और धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान चलाए जा रहे हैं। छत्तीसगढ़ के 6,691 गांव धरती आबा अभियान में शामिल हैं। प्रदेश में 75 एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय संचालित हैं। तेंदूपत्ता संग्रहण पारिश्रमिक भी 4 हजार से बढ़ाकर 5,500 रुपए प्रति मानक बोरा किया गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि किसान कल्याण और जनजातीय विकास सरकार की प्राथमिकता है।





