ज्वेलरी शॉप से 1.80 करोड़ के जेवर चोरी, 4 पकड़े गए: ग्राहक बनकर पहुंचे थे आरोपी; दुकानदार को बातों में उलझाकर 1200 ग्राम सोना ले गए

जगदलपुर। छत्तीसगढ़ के जगदलपुर में दिवाली से एक दिन पहले ज्वेलरी शॉप में हुई करीब 1 करोड़ 80 लाख रुपए की चोरी के मामले में पुलिस ने चार लोगों को हिरासत में लिया है। इनमें एक महिला, एक पुरुष और दो नाबालिग शामिल हैं।
आरोपियों के पास से चोरी के कुछ सोने के आभूषण भी बरामद किए गए हैं। गिरोह के बाकी सदस्यों और अन्य जेवरों की तलाश जारी है। मामला सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के संजय मार्केट स्थित मोती ज्वेलर्स का है।
ग्राहक बनकर पहुंचे, बातचीत में उलझाया
जानकारी के मुताबिक, 7 नवंबर को कुछ महिलाएं बच्चों के साथ ग्राहक बनकर दुकान पहुंची थीं। उन्होंने दुकानदार से सोने के आभूषण दिखाने को कहा। इस दौरान समूह के सदस्य दुकानदार को बातचीत में उलझाए रहे। इसी बीच एक महिला ने मौका देखकर सोने के जेवरों से भरा डिब्बा उठा लिया और उसे अपने झोले में रख लिया। इसके बाद सभी वहां से निकल गए।
डिब्बे में करीब 1200 ग्राम सोने के आभूषण थे। इनकी कीमत 1 करोड़ 74 लाख से 1 करोड़ 80 लाख रुपए के बीच बताई गई है। चोरी की यह पूरी वारदात दुकान में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई।
CCTV से गाड़ी का नंबर मिला
चोरी की शिकायत के बाद सिटी कोतवाली पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू की। दुकान और आसपास लगे CCTV कैमरों के फुटेज खंगाले गए। इसी दौरान एक अन्य कैमरे में संदिग्ध एक गाड़ी से जाते दिखाई दिए। पुलिस ने गाड़ी का नंबर निकालकर आरोपियों की तलाश शुरू की।
रायकोट में दबिश, कुछ जेवर बरामद
गाड़ी के नंबर के आधार पर पुलिस रायकोट इलाके तक पहुंची और दबिश देकर एक महिला, एक पुरुष और दो नाबालिगों को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान उनके पास से चोरी के कुछ आभूषण बरामद हुए हैं।
बस्तर ASP सुखनंदन सिंह राठौर के मुताबिक, मामले में अब तक चार लोगों को हिरासत में लिया गया है। वारदात में शामिल अन्य लोगों की तलाश की जा रही है। पुलिस बाकी जेवरों की बरामदगी के लिए भी पूछताछ कर रही है।



