PM मोदी बोले- हथियार वाले नक्सली खत्म, अब दिमागी नक्सलियों से लड़ना होगा: बस्तर में जवानों के साथ मनाई दिवाली

रायपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को छत्तीसगढ़ के बस्तर में CRPF जवानों के साथ दिवाली मनाई। उन्होंने करनपुर स्थित कोबरा ऑपरेशंस बेस पहुंचकर जवानों को मिठाई खिलाई और त्योहार की शुभकामनाएं दीं। इस दौरान जवानों ने भारत माता की जय के नारे लगाकर उनका स्वागत किया। पीएम मोदी ने लगातार 13वीं बार सुरक्षा बलों के जवानों के बीच दिवाली मनाई।
प्रधानमंत्री ने कहा कि नक्सलवाद के खात्मे के बाद बस्तर में यह पहली दिवाली है। उन्होंने जवानों से कहा, ‘आप सभी मेरे परिवार का हिस्सा हैं। मैं बस्तर के जंगलों में आपके साथ दिवाली मनाने आया हूं। आपके बलिदान और समर्पण से इस इलाके से नक्सलवाद खत्म हुआ है और विकास की नई लहर शुरू हुई है।’
हथियार उठाने वाले नक्सली गए, अब वैचारिक चुनौती
पीएम मोदी ने कहा कि हथियार उठाने वाले नक्सली अब खत्म हो चुके हैं, लेकिन अब दिमागी नक्सलियों से लड़ना होगा। उन्होंने कहा कि सफलता के लिए सही इरादे और सही नीतियां जरूरी हैं। राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए सरकार ने कई कड़े फैसले लिए हैं। इन कदमों से नक्सलियों और अलगाववादियों की फंडिंग पर चोट पहुंची है। नकली नोटों के नेटवर्क को खत्म करने से उनकी आर्थिक ताकत और सप्लाई लाइन प्रभावित हुई। इससे हथियारों की आपूर्ति, आवाजाही और भर्ती पर भी असर पड़ा।
जवानों के बीच दिवाली मनाने पहुंचे पीएम
प्रधानमंत्री ने कहा कि दिवाली परिवार और अपनों के साथ खुशियां बांटने का त्योहार है। देश-दुनिया में करोड़ों भारतीय यह पर्व मना रहे हैं। ऐसे में वे भी जवानों के बीच दिवाली मनाने पहुंचे हैं। उन्होंने महिला जवानों को भी मिठाई खिलाकर शुभकामनाएं दीं।
इससे पहले 2025 में पीएम मोदी ने गोवा में INS विक्रांत पर नौसैनिकों के साथ दिवाली मनाई थी। 2024 में वे गुजरात के कच्छ में BSF, सेना, नौसेना और वायुसेना के जवानों के बीच पहुंचे थे। इस बार बस्तर में उनका दौरा नक्सलवाद के खिलाफ सुरक्षा बलों के अभियान और क्षेत्र में हुए बदलावों के संदर्भ में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।





