दो साल बाद छत्तीसगढ़ में कांग्रेस की सरकार बनने का भूपेश बघेल का दावा

नवागढ़ में शहीद राजेंद्र कश्यप की प्रतिमा का किया अनावरण; बोले- सत्ता में लौटे तो देंगे स्थायी SDM कार्यालय
रायपुर। छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने दावा किया है कि दो साल बाद प्रदेश में फिर कांग्रेस की सरकार बनेगी। उन्होंने नवागढ़ में स्थायी अनुविभागीय अधिकारी (SDM) कार्यालय खोलने का भी भरोसा दिलाया। बघेल गुरुवार को जांजगीर-चांपा जिले के दौरे पर थे। इस दौरान उन्होंने पामगढ़ विधानसभा क्षेत्र के कोसला और खरौद के अलावा नवागढ़ में आयोजित कार्यक्रमों में हिस्सा लिया।
नवागढ़ में उन्होंने शहीद राजेंद्र कश्यप की प्रतिमा का अनावरण किया। कार्यक्रम में स्थानीय विधायक ब्यास कश्यप ने प्रदेश में दो साल बाद कांग्रेस की सरकार बनाने का संकल्प जताया। उन्होंने नवागढ़ में स्थायी एसडीएम कार्यालय खोलने की मांग भी पूर्व मुख्यमंत्री के सामने रखी। इस पर भूपेश बघेल ने भरोसा दिलाया कि कांग्रेस की सरकार बनने पर नवागढ़ को स्थायी अनुविभागीय कार्यालय की सौगात दी जाएगी।
तीन घंटे देरी से पहुंचे बघेल, स्वागत में दिखे कांग्रेस के दो गुट
प्रतिमा अनावरण कार्यक्रम में भूपेश बघेल करीब तीन घंटे की देरी से पहुंचे। उनके स्वागत के लिए कांग्रेस के दो गुट राछाभांठा में इंतजार कर रहे थे। कांग्रेस जिलाध्यक्ष स्वागत के बाद वापस लौट गए, जबकि विधायक ब्यास कश्यप ने अगुवाई करते हुए बघेल को कार्यक्रम स्थल तक पहुंचाया।
भाजपा सरकार पर लगाए आरोप
दौरे के दौरान भूपेश बघेल ने भाजपा सरकार के करीब तीन साल के कार्यकाल पर निशाना साधा। उन्होंने सरकार को किसान, युवा और छत्तीसगढ़िया विरोधी बताया। साथ ही विभिन्न मुद्दों पर सवाल उठाए। बघेल ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर भी आरोप लगाया कि इसके जरिए लोकतंत्र और लोगों के वोट देने के अधिकार को प्रभावित किया जा रहा है। उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर मतदाता सूची में गड़बड़ी का आरोप भी लगाया।





