ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

वीबी-जी राम जी योजना का निरीक्षण, आयुक्त ने ऐप पर खुद दर्ज की मजदूरों की हाजिरी

रायपुर। विकसित भारत-जी राम जी (वीबी-जी राम जी) योजना के आयुक्त और प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के संचालक तारन प्रकाश सिन्हा ने रविवार को बेमेतरा जिले की विभिन्न ग्राम पंचायतों का निरीक्षण किया।

उन्होंने जल संरक्षण, ग्रामीण अधोसंरचना, रोजगार और आजीविका संवर्धन से जुड़े कार्यों का जायजा लिया। अधिकारियों को ग्रामीणों की मांग के अनुसार अधिक से अधिक रोजगार उपलब्ध कराने और निर्माण कार्यों को तय समय में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए।

138 श्रमिकों से किया संवाद

आयुक्त सिन्हा ने धार-अपार अभियान के तहत नदी किनारे चल रहे जल संरक्षण और ट्रेंच निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। यहां नियोजित 138 श्रमिकों से बातचीत कर उन्हें योजना के प्रावधानों और समय पर मजदूरी भुगतान की जानकारी दी। उन्होंने एनएमएमएस ऐप के जरिए स्वयं श्रमिकों की उपस्थिति दर्ज की। इसका उद्देश्य कामकाज में पारदर्शिता सुनिश्चित करना है।

आंगनबाड़ी और स्कूल शौचालय निर्माण की समीक्षा

ग्राम पंचायत ताला में निर्माणाधीन आंगनबाड़ी भवन और चारभाठा में स्कूल शौचालय निर्माण कार्य का निरीक्षण कर उन्हें प्राथमिकता से पूरा करने के निर्देश दिए। बाबामोहतरा में चौपाल के दौरान ग्रामीणों, महिला स्व-सहायता समूहों और श्रमिकों से चर्चा की। उन्होंने स्थानीय जरूरतों के अनुरूप रोजगारमूलक कार्य शुरू करने पर जोर दिया।

जेवरा (एन) में 26 एकड़ क्षेत्र में किए गए फलदार वृक्षारोपण का भी जायजा लिया। आयुक्त ने कहा कि इससे पर्यावरण संरक्षण के साथ भविष्य में ग्रामीणों की आय बढ़ाने के अवसर मिल सकते हैं।

ऐप से मापा भूजल स्तर

ग्राम पंचायत कठिया में पोस्ट मानसून जलदूत ऐप के माध्यम से कुएं के जलस्तर की रीडिंग लेकर उसे अपलोड किया। इससे मानसून के बाद भूजल स्तर का आकलन कर जल संरक्षण की योजनाएं बनाने में मदद मिलेगी।

निरीक्षण के बाद सर्किट हाउस में समीक्षा बैठक लेकर उन्होंने रोजगार सृजन, समय पर मजदूरी भुगतान, निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और नियमित निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में जिला पंचायत और जनपद पंचायतों के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button