StateNewsदेश - विदेश

राहुल गांधी के काफिले की गाड़ियां आपस में टकराईं, पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर हादसा

सुल्तानपुर। उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर में सोमवार सुबह कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के काफिले की गाड़ियां आपस में टकरा गईं। हादसा पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर हुआ। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, तेज रफ्तार के चलते काफिले की गाड़ियां आपस में भिड़ गईं। घटना में कुछ लोगों को हल्की चोटें आई हैं। राहुल गांधी सुरक्षित हैं और सुल्तानपुर कोर्ट में पेशी के लिए रवाना हुए।

राहुल गांधी दिल्ली से लखनऊ पहुंचे थे। एयरपोर्ट से वे बिना मीडिया से बात किए सड़क मार्ग से सुल्तानपुर के लिए रवाना हो गए। उन्हें अमित शाह से जुड़े मानहानि मामले में MP-MLA कोर्ट में पेश होना है। कोर्ट ने उन्हें पेश होने के निर्देश दिए थे। इस मामले में सोमवार को फैसला सुनाए जाने की संभावना है।

2018 में दर्ज हुआ था मानहानि का केस

राहुल गांधी के खिलाफ यह मामला भाजपा नेता विजय मिश्रा ने अगस्त 2018 में दर्ज कराया था। शिकायत के मुताबिक, राहुल गांधी ने 8 मई 2018 को बेंगलुरु में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान भाजपा के तत्कालीन अध्यक्ष अमित शाह को लेकर टिप्पणी की थी।

आरोप है कि राहुल गांधी ने कहा था, ‘जो पार्टी ईमानदारी की बात करती है, उसके अध्यक्ष पर हत्या का आरोप है।’ इसी बयान को लेकर विजय मिश्रा ने मानहानि का मुकदमा दर्ज कराया था।

कोर्ट में पेशी पर नजर

मामले की सुनवाई सुल्तानपुर की MP-MLA कोर्ट में चल रही है। राहुल गांधी की पेशी को लेकर सोमवार को राजनीतिक हलकों में भी नजर बनी हुई है। काफिले की गाड़ियों के टकराने के बाद हादसे की जानकारी सामने आई, हालांकि राहुल गांधी को कोई चोट नहीं आई है।

Related Articles

Back to top button