Chhattisgarhछत्तीसगढ़

शिक्षक भर्ती के बाद SI-सूबेदार मुख्य परीक्षा भी टली, 7301 अभ्यर्थियों की तैयारी पर ब्रेक

रायपुर। छत्तीसगढ़ में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं को एक और झटका लगा है। शिक्षक भर्ती परीक्षा के बाद अब सूबेदार, उप निरीक्षक (SI) संवर्ग और प्लाटून कमांडर भर्ती परीक्षा-2024 की मुख्य परीक्षा भी स्थगित कर दी गई है।

छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (CGPSC) ने मंगलवार को इसकी सूचना जारी की। परीक्षा में शामिल होने के लिए 7,301 अभ्यर्थी चयनित हुए हैं। आयोग ने परीक्षा टालने के पीछे अपरिहार्य कारण बताए हैं, लेकिन नई तारीखों की घोषणा नहीं की है।

पहले अक्टूबर, फिर नवंबर में तय हुई थी परीक्षा

मुख्य परीक्षा पहले 24, 25 और 26 अक्टूबर को संभावित थी। बाद में तारीखों में बदलाव कर इसे 2, 3 और 4 नवंबर को आयोजित करने का निर्णय लिया गया था। अब इन तारीखों पर भी परीक्षा नहीं होगी। इससे अभ्यर्थियों को तैयारी की रणनीति दोबारा बनानी पड़ सकती है। फिलहाल सभी को आयोग की ओर से नई समय-सारणी जारी होने का इंतजार है।

341 पदों के लिए होगी भर्ती

CGPSC ने सूबेदार, SI और प्लाटून कमांडर के 341 पदों पर भर्ती के लिए प्रारंभिक परीक्षा आयोजित की थी। यह परीक्षा 12 जुलाई 2026 को प्रदेश के सभी 33 जिलों में 183 केंद्रों पर हुई थी। इसका परिणाम 4 अगस्त को जारी किया गया था। इसमें सफल 7,301 अभ्यर्थियों को मुख्य परीक्षा के लिए चयनित किया गया है।

शिक्षक भर्ती परीक्षा भी हो चुकी है स्थगित

इससे पहले 10 अक्टूबर को शिक्षक भर्ती परीक्षा और CGPSC-2025 की परीक्षा पर रोक लगने की खबर सामने आई थी। शिक्षक भर्ती परीक्षा पर हाईकोर्ट में याचिका के बाद रोक लगाने का आदेश जारी हुआ था। इसके विरोध में बिलासपुर में अभ्यर्थियों ने कैंडल मार्च निकालकर प्रदर्शन भी किया था।

रिजल्ट के नामों को लेकर हुआ था विवाद

SI भर्ती की प्रारंभिक परीक्षा का परिणाम जारी होने के बाद चयन सूची में ‘NEWS’, ‘SPACE RANI’ और ‘BHAKT PRAHLAD’ जैसे नामों को लेकर विवाद हुआ था। कांग्रेस ने भर्ती प्रक्रिया की पारदर्शिता पर सवाल उठाए थे। इसके बाद CGPSC ने स्पष्ट किया था कि सूची में नाम अभ्यर्थियों की ओर से ऑनलाइन आवेदन में दर्ज जानकारी के आधार पर हैं।

Related Articles

Back to top button