StateNewsदेश - विदेश

राहुल-प्रियंका समेत विपक्षी सांसदों पर FIR: आकाशवाणी भवन में घुसकर धरना देने का आरोप, खड़गे के घर बैठक

नई दिल्ली। चुनाव आयोग और SIR के विरोध में मंगलवार को दिल्ली में हुए INDIA गठबंधन के प्रदर्शन के मामले में राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा समेत कई विपक्षी सांसदों के खिलाफ FIR दर्ज की गई है। आरोप है कि प्रदर्शन के दौरान राहुल और प्रियंका पुलिस की बैरिकेडिंग पार कर आकाशवाणी भवन परिसर में प्रवेश कर गए और वहां धरने पर बैठ गए। विपक्षी सांसदों ने करीब 8 घंटे तक प्रदर्शन किया।

बस से उतरकर आकाशवाणी भवन पहुंचे राहुल-प्रियंका

दरअसल, 6 अक्टूबर को INDIA गठबंधन के 140 से ज्यादा सांसदों ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और SIR के विरोध में संसद भवन से निर्वाचन सदन तक ‘सेव डेमोक्रेसी’ मार्च निकाला था। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए रास्ते में बैरिकेडिंग की थी। प्रदर्शन खत्म कराने के लिए नेताओं को बसों में बैठाया जा रहा था।

इसी दौरान राहुल गांधी और प्रियंका गांधी बस से उतरकर आकाशवाणी भवन परिसर में चले गए। दोनों परिसर में बरगद के पेड़ के नीचे धरने पर बैठ गए। बाद में पुलिस ने प्रियंका गांधी समेत कुछ नेताओं को हिरासत में लिया था। हालांकि, कुछ देर बाद उन्हें रिहा कर दिया गया।

खड़गे के आवास पर विपक्षी सांसदों की बैठक

FIR के बाद विपक्षी सांसदों की बैठक बुधवार को कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के आवास पर हो रही है। खड़गे ने सांसदों को दोपहर 1 बजे लंच पर बुलाया है। बैठक में चुनाव आयोग से मुलाकात के लिए समय मांगने की रणनीति पर चर्चा होगी।

विपक्षी सांसद मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार से मिलने के लिए सामूहिक पत्र पर हस्ताक्षर भी करेंगे। विपक्ष SIR प्रक्रिया को लेकर लगातार सवाल उठा रहा है और चुनाव आयोग से इस मुद्दे पर चर्चा की मांग कर रहा है। प्रदर्शन के दौरान विपक्षी दलों ने चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता और लोकतांत्रिक अधिकारों से जुड़े मुद्दे उठाए।

Related Articles

Back to top button