सिंगापुर पहुंचे CM साय, वैश्विक निवेशकों के सामने रखेंगे छत्तीसगढ़ के निवेश अवसर

रायपुर। छत्तीसगढ़ को वैश्विक निवेश मानचित्र पर स्थापित करने की दिशा में राज्य सरकार ने एक और पहल की है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय शुक्रवार को सिंगापुर पहुंचे। यहां भारत के उच्चायुक्त डॉ. शिल्पक अंबुले ने उनका स्वागत किया। मुख्यमंत्री SING फोरम 2026 में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व करेंगे।
भारत सरकार के विदेश मंत्रालय ने प्रथम SING फोरम 2026 में भागीदारी के लिए छत्तीसगढ़ को नामित किया है। सिंगापुर बिजनेस फेडरेशन की ओर से आयोजित इस अंतरराष्ट्रीय मंच पर प्रदेश को अपनी उपलब्धियों, विकास की संभावनाओं और निवेश के अवसरों को वैश्विक निवेशकों के सामने रखने का मौका मिलेगा।
CEO राउंडटेबल में निवेशकों से चर्चा
फोरम के दौरान मुख्यमंत्री साय CEO राउंडटेबल में सिंगापुर के प्रमुख निवेशकों और उद्योग जगत के प्रतिनिधियों से चर्चा करेंगे। इस दौरान छत्तीसगढ़ में निवेश की संभावनाओं और विभिन्न क्षेत्रों में उपलब्ध अवसरों की जानकारी दी जाएगी। राज्य सरकार का फोकस प्रदेश में नए निवेश लाने और औद्योगिक गतिविधियों के विस्तार पर है।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि राज्य सरकार नई औद्योगिक नीति, प्रचुर प्राकृतिक संसाधनों, मजबूत अधोसंरचना, कुशल मानव संसाधन और उभरते क्षेत्रों की संभावनाओं के जरिए छत्तीसगढ़ को देश के प्रमुख निवेश गंतव्यों में स्थापित करने के लिए काम कर रही है।
उन्होंने कहा कि वैश्विक निवेश मानचित्र पर छत्तीसगढ़ की मजबूत पहचान बनाना सरकार की प्राथमिकता है। SING फोरम में मुख्यमंत्री की भागीदारी से प्रदेश की औद्योगिक क्षमता और निवेश की संभावनाओं को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रस्तुत करने का अवसर मिलेगा।





