युवाओं को रोजगार और नागरिकों को डिजिटल सेवाएं देने पर जोर: सीएम साय

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की मौजूदगी में बुधवार को मंत्रालय महानदी भवन में रोजगार, डिजिटल गवर्नेंस और कौशल विकास से जुड़ी तीन महत्वपूर्ण पहलें आगे बढ़ाई गईं। मुख्यमंत्री ने नवा रायपुर अटल नगर विकास प्राधिकरण में चयनित युवा उप अभियंताओं को नियुक्ति पत्र सौंपे। वहीं छत्तीसगढ़ इन्फोटेक प्रमोशन सोसायटी (चिप्स) और कॉमन सर्विस सेंटर के बीच एमओयू हुआ। इसके अलावा नवा रायपुर में नेशनल स्किल ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट की स्थापना के लिए 10 एकड़ भूमि आवंटन का पत्र भी सौंपा गया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं को रोजगार के अवसर, नागरिकों को सरल और पारदर्शी सेवाएं तथा नई पीढ़ी को आधुनिक कौशल से जोड़ना सरकार की प्राथमिकता है। तकनीक के माध्यम से शासन और नागरिकों के बीच की दूरी कम की जा रही है। सेवा सेतु के माध्यम से अभी 38 विभागों की 907 सेवाएं ऑनलाइन उपलब्ध हैं। इनका लाभ 16 हजार से अधिक केंद्रों के जरिए नागरिकों को मिल रहा है।
CSC और सेवा सेतु केंद्रों में होगी एकरूपता
चिप्स और कॉमन सर्विस सेंटर के बीच हुए एमओयू के बाद CSC और सेवा सेतु केंद्रों में एकरूपता लाई जाएगी। इससे एक ही डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से अधिक सरकारी सेवाओं तक पहुंच आसान होगी। इसका उद्देश्य ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों के नागरिकों को भी डिजिटल सेवाएं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध कराना है।
250 करोड़ की लागत से बनेगा स्किल ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट
नवा रायपुर में करीब 250 करोड़ रुपए की लागत से नेशनल स्किल ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट स्थापित किया जाएगा। संस्थान में हर साल करीब 4 हजार युवाओं को आधुनिक तकनीकी और औद्योगिक कौशल का प्रशिक्षण मिलने की योजना है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि रोजगार के अवसर केवल सरकारी नौकरियों तक सीमित नहीं हैं। उद्योग, निजी क्षेत्र, स्टार्टअप, उद्यमिता और कौशल विकास के जरिए भी युवाओं के लिए अवसर तैयार किए जा रहे हैं। नई औद्योगिक नीति 2024-30 के तहत अब तक 8.23 लाख करोड़ रुपए से अधिक के निवेश प्रस्तावों के एमओयू हुए हैं। इससे आने वाले वर्षों में करीब पौने दो लाख रोजगार अवसर सृजित करने का लक्ष्य है।





