बाढ़ में फंसे 9 लोगों का रेस्क्यू, प्रशासन की टीम ने सुरक्षित निकाला

धमतरी में लगातार बारिश के बीच राहत-बचाव अभियान जारी, सलोनी राहत शिविर में भोजन और स्वच्छता की व्यवस्था
रायपुर। धमतरी जिले में लगातार बारिश और जलभराव के बीच जिला प्रशासन ने बाढ़ प्रभावित इलाकों में राहत एवं बचाव अभियान तेज कर दिया है। प्रशासन, पुलिस, एसडीआरएफ और स्थानीय ग्रामीणों के समन्वित प्रयास से बाढ़ में फंसे लोगों को सुरक्षित निकालने का काम लगातार जारी है। संवेदनशील क्षेत्रों में राहत दलों और बचाव टीमों को तैनात कर स्थिति पर नजर रखी जा रही है।
लोमश ऋषि आश्रम में फंसे 9 लोगों को निकाला
कुरुद क्षेत्र के लोमश ऋषि आश्रम में बाढ़ का पानी भरने के कारण 9 लोग फंस गए थे। इसकी सूचना मिलते ही जिला प्रशासन और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय ग्रामीणों की मदद से रेस्क्यू अभियान चलाकर सभी 9 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। उन्हें सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने के बाद प्रशासन की टीम ने इलाके की स्थिति का जायजा लिया।
प्रशासन के मुताबिक जिले के बाढ़ प्रभावित और संवेदनशील इलाकों में लगातार निगरानी की जा रही है। जरूरत वाले स्थानों पर पुलिस, राहत दल और एसडीआरएफ की टीमों को तैयार रखा गया है, ताकि सूचना मिलने पर तत्काल रेस्क्यू शुरू किया जा सके।
सलोनी राहत शिविर में भोजन और स्वच्छता पर फोकस
सलोनी के बाढ़ राहत शिविर में प्रभावित परिवारों के लिए भोजन, साफ-सफाई और स्वच्छता की व्यवस्था की गई है। शिविर में सुबह नाश्ते के साथ नियमित भोजन उपलब्ध कराया जा रहा है। परिसर में हाईजीन का भी विशेष ध्यान रखा जा रहा है, ताकि बाढ़ प्रभावित लोगों को सुरक्षित और स्वस्थ वातावरण मिल सके।
जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी जयंत नाहटा लगातार बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों और राहत शिविरों का जायजा ले रहे हैं। प्रशासन की टीमें प्रभावित परिवारों की जरूरतों की जानकारी लेकर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कर रही हैं। अधिकारियों के मुताबिक राहत और बचाव कार्य मौसम तथा जलस्तर की स्थिति के अनुसार लगातार जारी रहेंगे।





