ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

केंद्रीय राज्यमंत्री सावित्री ठाकुर ने सखी वन स्टॉप सेंटर का किया निरीक्षण

रायपुर। केंद्रीय महिला एवं बाल विकास राज्यमंत्री सावित्री ठाकुर ने दुर्ग प्रवास के दौरान सखी वन स्टॉप सेंटर का निरीक्षण किया। उन्होंने सेंटर में संकटग्रस्त महिलाओं को उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं और व्यवस्थाओं की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने काउंसलिंग, कानूनी सहायता, स्वास्थ्य सेवाओं और पुनर्वास की सुविधाओं का जायजा लिया।

सखी वन स्टॉप सेंटर में घरेलू हिंसा, पारिवारिक विवाद और अन्य समस्याओं से पीड़ित महिलाओं को एक ही स्थान पर आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जाती है। महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारियों ने केंद्रीय राज्यमंत्री को सेंटर में दर्ज प्रकरणों और महिलाओं को दी जा रही सेवाओं की जानकारी दी।

सुरक्षा और सहायता समय पर देने के निर्देश

निरीक्षण के दौरान सावित्री ठाकुर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि संकटग्रस्त महिलाओं को समय पर सुरक्षा, आवास, कानूनी सहायता और स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने सेंटर में संचालित परामर्श सेवा, विधिक सहायता, चिकित्सा सहायता, पुलिस सहायता और अस्थायी आश्रय की व्यवस्थाओं का भी अवलोकन किया।

केंद्रीय राज्यमंत्री ने सेंटर की साफ-सफाई और व्यवस्थाओं का निरीक्षण करने के साथ वहां कार्यरत कर्मचारियों से भी जानकारी ली। उन्होंने स्टाफ द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना की और महिलाओं को संवेदनशीलता के साथ आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने पर जोर दिया।

अधिकारियों ने बताया कि वन स्टॉप सेंटर का उद्देश्य संकट की स्थिति में महिलाओं को एक ही जगह पर विभिन्न प्रकार की सहायता उपलब्ध कराना है, ताकि उन्हें अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।

निरीक्षण के दौरान महिला एवं बाल विकास अधिकारी अशोक शर्मा, जिला कार्यक्रम अधिकारी अजय साहू सहित वन स्टॉप सेंटर के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button