प्रेमानंदजी के 25 वर्षीय शिष्य की मौत: वृंदावन में बिल्डिंग की चौथी मंजिल से गिरे; कमरे में मिला ग्राइंडर, पुलिस जांच में जुटी

मथुरा। वृंदावन में संत प्रेमानंद महाराज से जुड़े 25 वर्षीय शिष्य रसिक दुलारी शरण की गुरुवार शाम चौथी मंजिल से गिरने के बाद मौत हो गई। घटना वाराह घाट इलाके की गुरु कृपा कुंज बिल्डिंग की है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, रसिक दुलारी शाम को बिल्डिंग की छत पर गए थे। कुछ देर वहां बैठने के बाद वह नीचे गिर गए।
गंभीर हालत में उन्हें सर्वोदय अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है। शव का पोस्टमॉर्टम कराया जाएगा।
पुलिस के मुताबिक, मृतक के शरीर पर चोट के निशान मिले हैं। उनके कमरे से एक ग्राइंडर भी बरामद हुआ है। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि ग्राइंडर का घटना से कोई संबंध है या नहीं। फॉरेंसिक टीम ने भी मौके से जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं।
सीओ संदीप सिंह के अनुसार, घटना से पहले रसिक दुलारी की किससे बातचीत हुई थी और किन परिस्थितियों में वह छत पर पहुंचे, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है। इसके लिए मोबाइल डेटा और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।
दो साल पहले वृंदावन आए थे
रसिक दुलारी शरण मूल रूप से मध्य प्रदेश के जबलपुर के रहने वाले थे। करीब दो साल पहले वह वृंदावन आए और संत प्रेमानंद महाराज से दीक्षा ली। इसके बाद उन्होंने अपना नाम दीपक लोधी से बदलकर रसिक दुलारी शरण रखा।
वह बिजली का काम जानते थे और आश्रम में इसी सेवा से जुड़े थे। करीब तीन महीने पहले उन्हें गुरु कृपा कुंज की चौथी मंजिल पर रहने के लिए कमरा दिया गया था। इस बिल्डिंग में प्रेमानंद महाराज से जुड़े करीब 50 शिष्य रहते हैं।
पुलिस घटना के कारणों और परिस्थितियों की जांच कर रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत से जुड़े अन्य तथ्य स्पष्ट होंगे।





