UAE में कर्नाटक के शख्स की हत्या, 9 टुकड़ों में मिला शव; दो बैग में रखकर कार में छोड़ा

एजेंसी। संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के शारजाह में कर्नाटक के एक शख्स की हत्या का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान उडुपी जिले के एल्विन प्रकाश कुंदर के रूप में हुई है। जांच के दौरान उसका शव 9 टुकड़ों में मिला। शव को दो बैग में भरकर एक कार में रखा गया था। घटना की जानकारी मृतक के भाई अनिल प्रशांत कुंदर ने मंगलवार को दी।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, एल्विन प्रकाश की पत्नी टीना कुंदर और उनका बेटा भी लापता बताए जा रहे हैं। दोनों के बारे में फिलहाल कोई स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है। शारजाह पुलिस मामले की जांच कर रही है और हत्या के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
14 साल से शारजाह एयरपोर्ट पर काम कर रहा था
एल्विन प्रकाश कुंदर पिछले करीब 14 साल से शारजाह एयरपोर्ट पर काम कर रहा था। पिछले साल दिसंबर में वह भारत आया था और इसके बाद दोबारा शारजाह लौट गया था। उसकी पत्नी टीना उडुपी के उदयवारा की रहने वाली हैं और शारजाह के एक स्कूल में टीचर हैं। उनका बेटा वहीं 10वीं कक्षा में पढ़ रहा है।
अनिल प्रशांत कुंदर ने 21 सितंबर को उडुपी के एसपी से मुलाकात कर भाई के मामले में कार्रवाई की मांग की थी।
फोन नहीं उठा तो क्लासमेट से मांगी मदद
परिवार के मुताबिक, करीब एक सप्ताह तक एल्विन से संपर्क नहीं हो सका। इसके बाद अनिल ने शारजाह में रहने वाले एल्विन के क्लासमेट मनोहर से संपर्क किया और उसे तलाशने के लिए कहा। मनोहर कंपनी की ओर से एल्विन को दिए गए फ्लैट पर पहुंचा। वहां वॉचमैन ने बताया कि एल्विन भारत जा चुका है।
इसके बाद अनिल ने कंपनी के HR विभाग से संपर्क किया। वहां भी शुरुआत में उन्हें बताया गया कि एल्विन भारत लौट चुका है। हालांकि, अनिल को इस जानकारी पर संदेह था।
पासपोर्ट रिकॉर्ड से खुला मामला
अगले दिन अनिल ने कंपनी से दोबारा संपर्क कर बताया कि एल्विन भारत नहीं आया है। कंपनी ने जब उसके पासपोर्ट रिकॉर्ड की जांच की तो पता चला कि वह शारजाह में ही था। इसके बाद उसके लापता होने की शिकायत दर्ज कराई गई।
जांच के दौरान ओमान जाने वाले रास्ते के पास खड़ी एक कार से एल्विन का शव बरामद हुआ। शव को 9 टुकड़ों में काटकर दो बैग में रखा गया था। परिवार को सोमवार को पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिली। फिलहाल हत्या की वजह और इसमें शामिल लोगों की पहचान स्पष्ट नहीं है। शारजाह पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।





