पेट दर्द की जांच में कैंसर का पता चला, आयुष्मान से हुआ इलाज

रायपुर। बस्तर जिले के तोकापाल विकासखंड के ग्राम करंजी निवासी 27 वर्षीय नितेश कश्यप ने समय पर जांच और इलाज से लिवर कैंसर को मात दी। आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के तहत मिले पांच लाख रुपए तक के कैशलेस उपचार ने उनके परिवार को इलाज के भारी खर्च की चिंता से राहत दी।
नितेश लंबे समय से पेट दर्द से परेशान थे। गांव के आयुष्मान आरोग्य मंदिर में उन्होंने उपचार कराया और दवाइयां लीं, लेकिन अपेक्षित राहत नहीं मिली। दोबारा स्वास्थ्य केंद्र पहुंचने पर कम्युनिटी हेल्थ ऑफिसर प्रीति बघेल ने उनकी स्थिति की गंभीरता को देखते हुए उन्हें तत्काल महारानी जिला अस्पताल, जगदलपुर रेफर किया।
जांच में सामने आया लिवर कैंसर
महारानी जिला अस्पताल में चिकित्सकों ने नितेश की खून की जांच, अल्ट्रासाउंड और सीटी स्कैन समेत जरूरी जांचें कराईं। रिपोर्ट में लिवर कैंसर की पुष्टि हुई। बीमारी की जानकारी मिलने के बाद परिवार चिंतित हो गया। डॉक्टरों ने उपचार की प्रक्रिया समझाते हुए आयुष्मान भारत योजना के तहत मिलने वाली सुविधाओं की जानकारी दी।
योजना के तहत नितेश को पांच लाख रुपए तक के कैशलेस उपचार का लाभ मिला। इसके जरिए उनके जटिल उपचार और ऑपरेशन की प्रक्रिया पूरी की गई। उपचार के बाद उनकी हालत में सुधार हुआ और अब वे सामान्य जीवन की ओर लौट रहे हैं।
बोले- योजना ने नई जिंदगी दी
नितेश कश्यप ने उपचार के बाद कहा कि आयुष्मान भारत योजना ने उन्हें नई जिंदगी दी है। उन्होंने पात्र लोगों से योजना का लाभ लेने की अपील की। साथ ही समय पर बीमारी की पहचान करने वाले स्वास्थ्यकर्मियों, उपचार करने वाले चिकित्सकों और शासन के प्रति आभार जताया।
नितेश की कहानी बताती है कि समय पर जांच, सही उपचार और आर्थिक सहायता मिलने से गंभीर बीमारी से जूझ रहे परिवार को बड़ा सहारा मिल सकता है।





