ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ में थमेगी बारिश की रफ्तार, 14 सितंबर से राहत के आसार

रायपुर। छत्तीसगढ़ में लगातार बारिश के बीच अब लोगों को थोड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। मौसम विभाग के अनुसार 14 सितंबर से प्रदेश में मानसून की गतिविधियों में कमी आएगी। अगले 24 घंटे के दौरान कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है, लेकिन बारिश की तीव्रता पहले की तुलना में कम रहने की संभावना है।

पिछले 24 घंटों में प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। वहीं बस्तर संभाग के कुछ इलाकों में भारी बारिश हुई। मौसम विभाग के मुताबिक प्रदेश में अब तक मौसमी बारिश सामान्य के करीब रही है। बारिश सामान्य से करीब 4 फीसदी कम दर्ज की गई है।

बस्तर में कई जगह 5 से 8 सेमी बारिश

रविवार को बस्तर संभाग के कई इलाकों में अच्छी बारिश हुई। बड़े बचेली और कोंटा में सबसे ज्यादा 8-8 सेमी बारिश रिकॉर्ड की गई। कटेकल्याण में 7 सेमी, सुकमा में 6 सेमी और फरसगांव, कुटरू व साल्हेवार में 5-5 सेमी पानी बरसा।

इसके अलावा बारसूर, औंधी, धनोरा, कांकेर और कुआकोंडा में 4-4 सेमी बारिश हुई। डौंडी, छुईखदान, भैरमगढ़, गंडई, छुरिया, मैनपुर, बेलगहना, दंतेवाड़ा, मर्दापाल, अंबागढ़ चौकी, दरभा और बीजापुर समेत कई इलाकों में 3-3 सेमी बारिश दर्ज की गई।

रायपुर में बादल छाए रहेंगे

राजधानी रायपुर में 14 सितंबर को आसमान सामान्यतः मेघमय रहने का अनुमान है। इस दौरान एक-दो बार बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। शहर में अधिकतम तापमान 32 डिग्री और न्यूनतम तापमान करीब 25 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।

प्रदेश में रविवार को सबसे अधिक अधिकतम तापमान 30.9 डिग्री रायपुर में दर्ज किया गया। वहीं सबसे कम न्यूनतम तापमान 20.6 डिग्री जगदलपुर में रिकॉर्ड हुआ। मौसम विभाग ने फिलहाल किसी बड़े सिस्टम की सक्रियता के बजाय बारिश की गतिविधि में कमी के संकेत दिए हैं। इससे अगले कुछ दिनों में लोगों को उमस और लगातार बारिश से आंशिक राहत मिल सकती है।

Related Articles

Back to top button