ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

महाराष्ट्र हादसे में छत्तीसगढ़ के नागरिकों की मौत, CM साय ने जताया दुख

रायपुर। महाराष्ट्र के भंडारा जिले में नागपुर-रायपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुए भीषण सड़क हादसे में छत्तीसगढ़ के नागरिकों की मौत पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने गहरा शोक व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने हादसे में जान गंवाने वाले लोगों को श्रद्धांजलि देते हुए उनके परिजनों के प्रति संवेदना जताई है।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि हादसे की जानकारी मिलते ही छत्तीसगढ़ सरकार ने महाराष्ट्र सरकार और स्थानीय प्रशासन से संपर्क कर लिया है। दोनों राज्यों के अधिकारियों के बीच लगातार समन्वय किया जा रहा है, ताकि हादसे से प्रभावित लोगों को तत्काल आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जा सके।

उन्होंने कहा कि घायलों के समुचित उपचार के लिए जरूरी इंतजाम किए जा रहे हैं। साथ ही प्रभावित परिवारों की मदद और मौके पर आवश्यक समन्वय के लिए छत्तीसगढ़ से अधिकारियों की एक टीम घटनास्थल के लिए रवाना कर दी गई है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार इस कठिन समय में प्रभावित परिवारों के साथ खड़ी है। हादसे में अपनों को खोने वाले परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। घायलों के इलाज और अन्य जरूरी व्यवस्थाओं में किसी तरह की कमी नहीं होने दी जाएगी।

उन्होंने अधिकारियों को महाराष्ट्र प्रशासन के साथ लगातार संपर्क में रहने और स्थिति की जानकारी लेते रहने के निर्देश दिए हैं। सरकार की प्राथमिकता हादसे में प्रभावित नागरिकों और उनके परिवारों को तत्काल राहत पहुंचाना है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इस दुख की घड़ी में पूरा छत्तीसगढ़ प्रभावित परिवारों के साथ है। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान करने और शोकाकुल परिजनों को यह गहरा दुख सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना की।

Related Articles

Back to top button