Uncategorized

रेल नेटवर्क को मिलेगा विस्तार, भिलाई-3-दुर्ग के बीच बनेगी चौथी लाइन

भिलाई। रायपुर रेल मंडल के अंतर्गत भिलाई-3 से दुर्ग के बीच करीब 13 किलोमीटर लंबी चौथी रेल लाइन बिछाने का काम चल रहा है। करीब 13 करोड़ रुपए की लागत वाली इस परियोजना के तहत मौजूदा तीन रेल लाइनों के समानांतर नया ट्रैक तैयार किया जा रहा है। रेलवे ने काम को मार्च 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा है।

यह रेलखंड यात्री ट्रेनों के साथ मालगाड़ियों के संचालन के लिहाज से भी महत्वपूर्ण है। भिलाई इस्पात संयंत्र और आसपास के औद्योगिक क्षेत्रों के कारण इस मार्ग पर माल परिवहन का दबाव भी रहता है। चौथी लाइन बनने के बाद ट्रेनों के परिचालन को अधिक व्यवस्थित करने में मदद मिलेगी।

अंडरब्रिज में लगाया नया बॉक्स

चौथी लाइन के निर्माण के साथ मौजूदा रेलवे संरचनाओं में भी जरूरी बदलाव किए जा रहे हैं। इसी क्रम में मौर्या चंद्रा रेलवे अंडरब्रिज में नया बॉक्स स्थापित किया गया है। अब प्रदर्शनी रेलवे अंडरब्रिज में भी नया बॉक्स लगाने की तैयारी है। इसके बाद चौथी लाइन से जुड़े आगे के संरचनात्मक काम किए जाएंगे।

चालू तीन लाइनों के बीच निर्माण बड़ी चुनौती

परियोजना की सबसे बड़ी चुनौती यह है कि निर्माण के दौरान मौजूदा तीन रेल लाइनों पर ट्रेनों का परिचालन भी जारी रखना है। इसके लिए ट्रैक, अंडरब्रिज, पुलिया, मिट्टी भराई, सिग्नलिंग और अन्य तकनीकी कामों को चरणबद्ध तरीके से करना होगा।

बढ़ेगी रेलखंड की क्षमता

चौथी लाइन बनने से इस व्यस्त रेलखंड की क्षमता बढ़ेगी। ट्रेनों को क्रॉसिंग या लाइन खाली होने के इंतजार में कम समय रुकना पड़ सकता है। अतिरिक्त ट्रैक मिलने से यात्री और मालगाड़ियों के संचालन को बेहतर तरीके से व्यवस्थित करने की सुविधा होगी।

भविष्य में ट्रेनों की संख्या बढ़ने पर भी यह लाइन उपयोगी होगी। साथ ही किसी लाइन में रखरखाव या तकनीकी समस्या आने पर अतिरिक्त ट्रैक रेलवे के लिए वैकल्पिक व्यवस्था के रूप में काम कर सकेगा।

Related Articles

Back to top button