CSVTU में महिला सशक्तिकरण और स्टार्टअप को बढ़ावा: 72 महिला समूहों को मिले मिलेट हेल्थ कार्ट, 24 स्टार्टअप्स को ₹50 लाख की इग्निशन ग्रांट

भिलाई। छत्तीसगढ़ स्वामी विवेकानंद तकनीकी विश्वविद्यालय (CSVTU) की ओर से भिलाई इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (BIT), दुर्ग परिसर में महिला सशक्तिकरण, स्वरोजगार, उद्यमिता और स्टार्टअप संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए ‘महिला सशक्तिकरण, उद्यमिता एवं स्टार्टअप अभिनंदन कार्यक्रम’ आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में राज्यपाल एवं कुलाधिपति रमेन डेका ने 72 महिला स्व-सहायता समूहों को मिलेट हेल्थ कार्ट और 24 नवाचार आधारित स्टार्टअप्स को कुल 50 लाख रुपए की इग्निशन ग्रांट वितरित की।
कार्यक्रम में सांसद विजय बघेल, दुर्ग ग्रामीण विधायक ललित चंद्राकर, वैशाली नगर विधायक रिकेश सेन, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष प्रेमप्रकाश पाण्डेय और दुर्ग महापौर अल्का बाघमार समेत अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
शिक्षा का उद्देश्य रोजगार और उद्यमिता से जुड़ना
राज्यपाल रमेन डेका ने कहा कि उच्च शिक्षा और तकनीकी ज्ञान तभी सार्थक है, जब वह समाज की जरूरतों से जुड़कर रोजगार और उद्यमिता के नए अवसर पैदा करे। उन्होंने कहा कि मिलेट अब पोषण के साथ ग्रामीण महिलाओं के लिए आय का साधन भी बन रहा है। महिला समूहों को दिए गए हेल्थ कार्ट के साथ उन्हें उत्पाद निर्माण, FSSAI मानकों, गुणवत्ता नियंत्रण, व्यवसाय प्रबंधन और मार्केटिंग का प्रशिक्षण भी दिया जाएगा।
स्टार्टअप युवाओं को आत्मनिर्भर बनाएंगे
राज्यपाल ने कहा कि 24 स्टार्टअप्स को दी गई 50 लाख रुपए की इग्निशन ग्रांट युवाओं के नवाचार को आगे बढ़ाने में मदद करेगी। उन्होंने कहा कि उद्यमिता के रास्ते में असफलताएं आती हैं, लेकिन उनसे सीखकर आगे बढ़ना ही सफल उद्यमी की पहचान है।
सांसद विजय बघेल ने मिलेट को ‘श्री अन्न’ के रूप में जन-जन तक पहुंचाने की जरूरत बताई। विधायक ललित चंद्राकर ने महिला स्व-सहायता समूहों को आर्थिक मजबूती का माध्यम बताया। वहीं रिकेश सेन ने स्टार्टअप को प्रदेश के विकास के लिए महत्वपूर्ण बताया।
कार्यक्रम में CSVTU के कुलपति डॉ. अरुण अरोड़ा ने स्वागत भाषण दिया। विश्वविद्यालय से जुड़े कॉलेजों के शिक्षक, महिला समूहों की सदस्य और बड़ी संख्या में युवा भी मौजूद रहे।





